मप्र: उज्जैन में महाकाल मंदिर में दिल्ली के श्रद्धालुओं से मारपीट, सुरक्षा कर्मियों की भूमिका पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: उज्जैन में महाकाल मंदिर में दिल्ली के श्रद्धालुओं से मारपीट, सुरक्षा कर्मियों की भूमिका पर उठे सवाल


- बैरिकेड खुलने से बिगड़ी दर्शन व्यवस्था, भाजपा पार्षद ने मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप की मांग

उज्जैन, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था के दौरान श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद का एक और मामला सामने आया है। भस्म आरती के दौरान दिल्ली से आए चार श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का आरोप लगा है। उल्टे मंदिर की सुरक्षा एजेंसी ने इन्हीं चार श्रद्धालुओं के खिलाफ महाकाल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं।

मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी के एएसओ पवन शर्मा ने मंगलवार की रात पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि भस्म आरती के दौरान त्रिवेणी द्वार के भीतर चलित दर्शन की कतार लगाई गई थी। इसी बीच अन्नक्षेत्र के सामने फूल-प्रसाद विक्रेताओं की ओर से बैरिकेड खोल दिया गया। इससे दर्शनार्थियों की आवाजाही अव्यवस्थित हो गई। बैरिकेड दोबारा बंद करने के दौरान कुछ लोग निर्धारित कतार से आगे निकल गए, जबकि उनके साथ आए कुछ श्रद्धालु बाहर रह गए।

इसी बात को लेकर सुरक्षा कर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। सुरक्षा एजेंसी के एएसओ ने दिल्ली निवासी जतिन गोयल, अनुज गोयल, अमर गोयल और सत्यम के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मंगलवार देर शाम मामला दर्ज किया।

भाजपा पार्षद ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने मंदिर में सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बुधवार को कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विवाद और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे महाकाल मंदिर के साथ उज्जैन की छवि भी प्रभावित हो रही है। तिवारी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से मंदिर परिसर में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। कुछ दिन पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज के साथ भी सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर विवाद सामने आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पहले श्रद्धालुओं के साथ विवाद होता है और बाद में उन्हीं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी जाती है।

मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग, अर्धसैनिक बल तैनात करने का सुझाव

भाजपा पार्षद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में अर्धसैनिक बलों की तैनाती का सुझाव देते हुए कहा कि ठेका एजेंसी के कर्मचारियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उनका कहना है कि महाकाल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के सम्मान और सुगम दर्शन की जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण है। मंदिर किसी व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि भगवान महाकाल के भक्तों की आस्था का केंद्र है।

सीसीटीवी फुटेज से होगी स्थिति स्पष्ट

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना का वास्तविक क्रम और विवाद की वजह मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मंदिर समिति से संबंधित फुटेज मांगे हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि बैरिकेड खुलने के बाद व्यवस्था कैसे बिगड़ी और विवाद के दौरान किसकी क्या भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story