उज्जैनः हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना का अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना का अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने किया निरीक्षण


उज्जैनः हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना का अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने किया निरीक्षण


- परियोजना से सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं और शहरवासियों को मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा

उज्जैन, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व-2028 को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल की आवश्यकता की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। नगर निगम के माध्यम से 1133.67 करोड़ रुपये की लागत से हरियाखेड़ी परियोजना का कार्य प्रगतिरत है। शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा तथा तकनीकी अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव दुबे ने हरियाखेड़ी जल आवर्धन परियोजना की वर्तमान प्रगति का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली। एसीएस दुबे ने विश्वास जताया कि निर्धारित 24 माह की समय-सीमा में परियोजना पूर्ण हो जाएगी, जिससे सिंहस्थ -2028 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि परियोजना के तहत सेलारखेड़ी, गंभीर, उंडासा एवं साहेबखेड़ी जल स्रोतों का उपयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पुरानी पाइपलाइन बदलकर जल क्षति को कम करने और हर घर तक पर्याप्त जलापूर्ति पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। हरियाखेड़ी परियोजना अंतर्गत 100 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अंतर्गत इंटेकवेल, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, क्लैरिफ्लोक्युलेटर, फिल्टर हाउस एवं पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। परियोजना के कार्यों की निगरानी के लिए पीएचई विभाग के सहायक यंत्री शिवम दुबे द्वारा विकसित 'अमृत रेखा' पोर्टल का भी एसीएस संजय दुबे ने अवलोकन किया। पोर्टल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में बिछाई गई पाइपलाइन की प्रगति और कार्यों की स्थिति रियल टाइम में देखी जा सकती है।

सीवर परियोजना का भी किया निरीक्षण

अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने अमृत 2.0 योजना अंतर्गत पार्श्वनाथ कॉलोनी में चल रहे सीवर लाइन विस्तार कार्य का निरीक्षण किया। यहाँ 200 मिमी व्यास की पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों ने उन्हें कार्य की स्थिति और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री वैभव भावसार, कंसल्टेंट एजेंसी के प्रतिनिधि, तकनीकी अधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story