उज्जैनः संभागायुक्त नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया
- मार्ग चौड़ीकरण के निर्माणाधीन कार्यों के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें - संभागायुक्त
उज्जैन, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में सिंहस्थ-2028 के तहत आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के मार्गों का चौड़ीकरण कार्य प्रगतिरत है। निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के लिए शुक्रवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
इस दौरान संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि मार्ग चौड़ीकरण कार्यों के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्य प्रगति के लिए संसाधन बढ़ाने के साथ ही समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी संभागायुक्त ने दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सिंहस्थ-2028 के अंतर्गत प्रचलित विकास कार्यों एवं मार्ग चौड़ीकरण कार्यों को गति देने के लिए नियमित निरीक्षण संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है। शुक्रवार को नगर निगम के माध्यम से किए जा रहे चौड़ीकरण कार्यों की स्थिति देखने के लिए संभागायुक्त और कलेक्टर ने कवेलू कारखाना से शांति नगर, राजेंद्र नगर, न्यू इंदिरा नगर होकर केटीएम शोरूम, नानाखेड़ा क्षेत्र तक निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का पैदल भ्रमण करते हुए निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रहवासियों ने जल प्रदाय नहीं होने की शिकायत की। संभागायुक्त ने तत्काल क्षेत्र में जल प्रदाय की समस्या को टैंकर के माध्यम से दूर करने के निर्देश नगर निगम पीएचई विभाग के अधिकारियों को दिए। संभागायुक्त ने मार्ग चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी लेने के साथ ही वर्षा ऋतु को देखते हुए निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त और कलेक्टर ने इसके बाद नानाखेड़ा चौराहा, गेल के समीप से शांति पैलेस चौराहे तक निर्माणाधीन एमआर-2 मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यहाँ मार्ग निर्माण के साथ ही नाला निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी गई। संभागायुक्त सिंह ने कार्य प्रगति के लिए संसाधन बढ़ाकर निर्माण कार्य को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

