उज्जैनः कलेक्टर ने श्रावण के अंतिम सोमवार पर आम श्रद्धालुओं के साथ महाकाल के दर्शन किए

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः कलेक्टर ने श्रावण के अंतिम सोमवार पर आम श्रद्धालुओं के साथ महाकाल के दर्शन किए


- कलेक्टर ने कांवड़ यात्रियों के साथ भगवान श्री महाकालेश्वर को जल अर्पित किया

उज्जैन 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर वहां स्थापित कंट्रोल रूम से विभिन्न स्थलों की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इसके पश्चात कलेक्टर आम श्रद्धालुओं की लाइन में शामिल हुए और वहां दर्शनार्थियों से सीधे बातचीत कर उनके महाकालेश्वर दर्शन तथा मंदिर में की गई व्यवस्थाओं के अनुभव के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने कंट्रोल रूम से विभिन्न स्थलों व प्रवेश मार्ग का अवलोकन किया। इसके बाद मानसरोवर मार्ग से सामान्य दर्शन प्रवेश कर सामान्य दर्शन लाइन में लगे। कावड़ यात्रियों के साथ मिलकर उन्होंने भगवान महाकालेश्वर पर जल अर्पित किया तथा कार्तिक मंडप से भगवान के दर्शन करते हुए बाहर आए।

दर्शन के दौरान कलेक्टर ने दर्शनार्थियों से पूछा कि उन्हें दर्शन करने में कितना समय लगा और किसी प्रकार की कोई असुविधा तो नहीं हुई। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं से संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें अपेक्षाकृत कम समय में भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन हो गए। कलेक्टर ने विभिन्न शहरों से आए श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और उनसे मंदिर की दर्शन व्यवस्था तथा उनके अनुभव के बारे में जानकारियां लीं। अधिकांश श्रद्धालुओं ने दर्शन व्यवस्था के प्रति संतोष जताया। इस दौरान प्रशासक प्रथम कौशिक भी उपस्थित रहे।

बाहर से आए दर्शनार्थियों ने कलेक्टर सिंह के आत्मीयता भरे व्यवहार, सादगी और सरलता की विशेष प्रशंसा की। कलेक्टर के इस व्यक्तिगत निरीक्षण एवं आम श्रद्धालुओं के साथ मिलकर किए गए दर्शन ने मंदिर में सुचारू व्यवस्थाओं को और मजबूती प्रदान की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story