मप्र की सिवनी में बाघों के हमले से दो महिलाओं की मौत, गांवों में दहशत का माहौल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र की सिवनी में बाघों के हमले से दो महिलाओं की मौत, गांवों में दहशत का माहौल


सिवनी, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में रविवार को बाघों के दो अलग-अलग हमलों में दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं जंगल से लगे इलाकों में गई थीं, जहां बाघों ने उन पर हमला कर दिया। बाघ एक महिला का सिर और छाती का हिस्सा खाया गया, जबकि दूसरी महिला के शव का कमर से नीचे का हिस्सा बाघ ने नोच डाला।

पहली घटना बरघाट थाना क्षेत्र के बीजाटोला गांव में हुई। यहां सेवबती मर्सकोले (45) पत्नी शिवचरण मर्सकोले रविवार दोपहर गांव के पास जंगल से लगे खेत में गुल्ली फल बिनने गई थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान जंगल में उनका शव मिला। शव का कमर से नीचे का हिस्सा बाघ खा चुका था। ग्रामीणों ने बताया कि बाघ महिला को खेत से घसीटकर जंगल में ले गया था। कुछ लोगों ने उसे शव के पास देखा भी, लेकिन भीड़ पहुंचने पर वह जंगल में भाग गया।

वहीं, दूसरी घटना दक्षिण सामान्य वनमंडल के कुरई वन परिक्षेत्र की गोरखपुर बीट के जामरापानी (जामुनपानी) सर्किल में हुई। यहां ग्राम पंचायत धनौली के जिलापुर गांव निवासी शांति बाई कुमरे (55) पत्नी रोशनलाल कुमरे, पर बाघ ने हमला कर दिया। रविवार दोपहर करीब एक बजे के बाद महिला की तलाश शुरू हुई। ग्रामीणों को खेत से लगे जंगल में उनका क्षत-विक्षत शव मिला। बाघ शव का सिर और छाती सहित ऊपरी हिस्सा खा चुका था।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जंगल से लगे इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है। वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया है। मृतक महिलाओं के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। वहीं वन विभाग की टीमें दोनों क्षेत्रों में बाघों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

लगातार दो हमलों के बाद बीजाटोला, जिलापुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से लगे इलाकों में बाघों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे खेतों और जंगल में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

मंडला में गश्त पर निकले कर्मचारी की मौत

सिवनी में दो महिलाओं की मौत के बीच मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व में भी बाघ के हमले में एक वन श्रमिक की जान चली गई। रविवार सुबह कान्हा परिक्षेत्र की नकटी घाटी बीट में पैदल गश्त के दौरान बाघ ने अग्नि सुरक्षा श्रमिक लखन सिंह (29) पर हमला कर दिया। बालाघाट जिले के आमगहन गांव निवासी लखन सिंह चार सदस्यीय गश्ती दल के साथ जंगल में गश्त पर निकला था। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कान्हा प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए बम्हनी बंजर अस्पताल भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story