मप्रः सीएम हेल्पलाइन प्रकरण में लापरवाही पर दो सीएमओ एवं एक उपयंत्री निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सीएम हेल्पलाइन प्रकरण में लापरवाही पर दो सीएमओ एवं एक उपयंत्री निलंबित


भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में नगर परिषद राजपुर, जिला बड़वानी से संबंधित प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित सीएम हेल्पलाइन (181) प्रकरण की समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे द्वारा दो सीएमओ एवं एक उपयंत्री के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।

आयुक्त संकेत भोंडवे ने तत्कालीन मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर परिषद राजपुर, बड़वानी जगदीश चन्द्र दानगढ़, (वर्तमान पदस्थापना—नगर परिषद सुवासरा, जिला मंदसौर), तत्कालीन मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर परिषद राजपुर, बड़वानी मायाराम सोलंकी, (वर्तमान पदस्थापना—नगर परिषद कुक्षी, जिला धार) तथा उपयंत्री, नगर परिषद राजपुर, बड़वानी राजू डाबर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन (181) शिकायतों के निराकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा कार्यों में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आयुक्त भोंडवे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story