मप्रः भोपाल विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः भोपाल विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र


- हॉट सूट मॉडल ने खींचा ध्यान, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी पूछ रहे ट्रांसमिशन सिस्टम से जुड़े सवाल

भोपाल, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में 22 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय 13वें भोपाल विज्ञान मेले में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको ) का स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। स्टॉल पर चालू ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस में विशेष प्रशिक्षित लाइन स्टाफ द्वारा उपयोग किए जाने वाले हॉट सूट पहने लाइन मेंटेनेंस कर्मी के मॉडल विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

विद्यार्थियों में दिख रही ट्रांसमिशन सिस्टम जानने की उत्सुकता

एमपी ट्रांसको के स्टॉल पर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। मॉडल और तकनीकी व्यवस्थाओं को देखकर छात्र-छात्राएं ट्रांसमिशन लाइनों, सबस्टेशनों, विद्युत आपूर्ति के संचालन तथा आधुनिक तकनीकों से जुड़े अनेक सवाल पूछ रहे हैं। एमपी ट्रांसको के अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल भाषा में समाधान कर रहे हैं और मॉडलों के माध्यम से उन्हें विद्युत ट्रांसमिशन तंत्र की कार्यप्रणाली समझा रहे हैं। अधिकारियों के साथ संवाद में विद्यार्थी ट्रांसमिशन क्षेत्र में उपयोग होने वाली नई तकनीकों को लेकर विशेष रुचि दिखा रहे हैं।

स्काडा से लेकर ऑप्टिकल फाइबर तक आधुनिक व्यवस्थाओं का प्रदर्शन

एमपी ट्रांसको के कार्यपालक निदेशक संदीप गायकवाड़ ने गुरुवार को बताया कि ट्रांसमिशन कंपनी ने स्टॉल पर एसएलडीसी एवं स्काडा डिस्प्ले , रिमोट वीडियो सर्विलांस प्रणाली, ओपीजीडब्ल्यू एवं ऑप्टिकल फाइबर संचार नेटवर्क, आयसोलेटर के रिमोट संचालन, ऑप्टिकल फाइबर के वर्किंग मॉडल, ऑनलाइन स्काडा, जीआईएस सबस्टेशन की ऑनलाइन कैमरा डिस्प्ले तथा फॉल्ट लोकेटर जैसी आधुनिक तकनीकों को भी प्रदर्शित किया है। मल्टी-सर्किट ट्रांसमिशन लाइनों तथा सबस्टेशनों में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों के मॉडल भी यहां रखे गए हैं।

एक ही स्टॉल पर दिख रही ट्रांसमिशन की पूरी तकनीकी झलक

स्टॉल पर मचान (स्कैफोल्डिंग), आपातकालीन बहाली प्रणाली (ईआरएस), विभिन्न प्रकार के ट्रांसमिशन कंडक्टर, जीआईएस एवं एआईएस सबस्टेशन, पाइल फाउंडेशन और भूमिगत केबल प्रणाली के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इन मॉडलों के जरिए ट्रांसमिशन नेटवर्क के निर्माण, संचालन और रखरखाव की तकनीकी प्रक्रिया को समझाया जा रहा है।

पोस्टर और ग्राफिक्स से भी दी जा रही जानकारी

स्टॉल पर विभिन्न ग्राफिक्स, पोस्टर और अन्य जानकारीपरक प्रदर्शनों के माध्यम से एमपी ट्रांसको की गतिविधियों, विद्युत ट्रांसमिशन व्यवस्था और आधुनिक तकनीकी प्रणालियों से संबंधित जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है।

एम पी ट्रांसको के ये अधिकारी समझा रहें हैं ट्रांसमिशन सिस्टम

विज्ञान मेले में एम पी ट्रांसको भोपाल के कार्यपालन अभियंता अतुल नाबर, रवि चौरसिया, रितेश जैन, सहायक अभियंता आशीष जैन सहित टीम भोपाल आगुंतको, स्कूल, कालेज के विद्यार्थियों को ट्रांसमिशन सिस्टम समझाने के साथ उनके द्वारा गए विभिन्न प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर भी दे रहें हैं। इस विज्ञान मेले में एनटीपीसी, भारत पेट्रोलियम की मध्य प्रदेश इकाई सहित विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी भाग ले रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story