मप्र: चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में महिला के दोनों पैर कटे, इटारसी रेलवे स्टेशन पर हादसा
तीन वर्षीय बेटा भी साथ गिरा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
इटारसी, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सबसे व्यस्त रेलवे जंक्शनों में से एक इटारसी रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही एक महिला अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए, जबकि बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता से महिला और बच्चे को तत्काल ट्रैक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार जबलपुर जिले के बिलपुरा मड़ाई गांव निवासी 25 वर्षीय अंजलि कश्यप अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ गाड़ी संख्या 22187 रानी कमलापति-अधारताल इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। सोमवार सुबह ट्रेन इटारसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर पहुंची थी। ट्रेन के रवाना होने के दौरान महिला ने अपने बच्चे के साथ कोच में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बच्चे सहित प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद यात्री कुछ क्षणों के लिए स्तब्ध रह गए।
हादसे को देखते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने तत्काल अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) कर ट्रेन को रुकवाया। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ के एएसआई विक्रम सिंह, जसवंत सिंह, राजेश कुमार और नवाब सिंह सहित रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे स्टाफ और सफाई कर्मियों की मदद से महिला और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि यात्रियों ने तत्परता नहीं दिखाई होती, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया
महिला की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण रेलवे कर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और तत्काल निजी ऑटो की व्यवस्था कर उन्हें शासकीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में महिला का एक पैर जांघ के पास से और दूसरा पैर पंजे के हिस्से से कट गया है। वहीं बच्चे की पीठ पर हल्की चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। दोनों का उपचार जारी है।
आधे घंटे तक प्रभावित रहा रेल संचालन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रानी कमलापति-अधारताल इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 6:33 बजे इटारसी स्टेशन पहुंची थी। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के चलते ट्रेन को कुछ समय तक रोका गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेन सुबह 7:09 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना की गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ और हलचल बनी रही।
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिला अपने बच्चे के साथ तेजी से ट्रेन की ओर बढ़ती है और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करती है। इसी दौरान संतुलन बिगड़ जाता है और दोनों नीचे गिर जाते हैं। रेलवे अधिकारियों ने फुटेज को जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
रेलवे ने जारी की सुरक्षा अपील
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें। कुछ सेकंड की जल्दबाजी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यदि ट्रेन छूट जाए तो अगली ट्रेन का इंतजार करना अधिक सुरक्षित विकल्प है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा नियमों का पालन ही ऐसे हादसों को रोक सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

