आज का विद्यार्थी कल का भविष्य निर्माता, उसके हाथ हमें देश का दारोमदारः प्रह्लाद सिंह पटेल
- विधिज्ञ एक्सीलेंस कॉन्क्लेव-2026 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मंत्री पटेल
इंदौर, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि आज का विद्यार्थी कल का भविष्य निर्माता है। उसके हाथ में देश का दारोमदार है। कोई भी विद्यार्थी अकेले अपने बलबूते पर सफलता प्राप्त नहीं करता। उसके पीछे परिवार, समाज और राष्ट्र का भी योगदान होता है। अत: विद्यार्थियों को चाहिए कि वह सभी का सम्मान करें।
मंत्री पटेल रविवार को विधिज्ञ द्वारा इंदौर के लाभमण्डपम में आयोजित विधिज्ञ एक्सीलेंस कॉन्क्लेव-2026 (गुरुजन सम्मान) के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंत्री पटेल बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त न्यायाधीश तारकेश्वर सिंह, पूर्व कलेक्टर सीबी सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम में पटेल ने क्लेट और आईपीएमएटी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही हाईस्कूल और हायर सेकण्डरी परीक्षा में 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान है। कानून के सामने कोई छोटा और बड़ा नहीं है। सभी को कानून का पालन और सम्मान करना चाहिये।
मंत्री पटेल ने कहा कि आने वाले समय में समाज तो उच्च तकनीक से लैस होगा लेकिन सबके सामने जल संकट एक चुनौती के रूप में उभरेगा। अत: हमें पर्यावरण की चिंता अभी से करनी होगी। अधिक से अधिक पौधारोपण करना होगा। पेड़ हमें फल, फूल, पत्ती और छाया ही नहीं देता बल्कि हमें देने का संस्कार भी देता है। जहां पेड़ होते हैं, वहां तापमान में कमी आती है। पेड़ हमसे लेता कुछ नहीं, देता ही है।
उन्होंने आगे कहा कि नर्मदा मैया के प्रति शुरू से मेरी अगाध श्रद्धा रही है। मैंने कई बार नर्मदा की परिक्रमा भी की। इस परिक्रमा से मुझे जो हासिल हुआ वह अवर्णनीय है। नदियों के उदगम पर जाना और वहां से जल लाना शौक रहा है। अभी तक मैं 112 नदियों के उदगम तक पहुंचा हूं। उन्होंने कहा कि बीज पुरखों की देन है और इसकी रक्षा करना हम सबका दायित्व है। बीजों को रासायनिक उर्वरकों से बचाना जरूरी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया कि वे पर्यावरण की रक्षा करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

