मप्रः 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में हुए रोमांचक मुकाबले

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में हुए रोमांचक मुकाबले


मप्रः 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में हुए रोमांचक मुकाबले


- तमिलनाडु, झारखंड, सीबीएसई, चंडीगढ़, डीएवी, दिल्ली, पंजाब, गोवा, केरल, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल ने दर्ज की जीत

नरसिहंपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में चल रही 70 वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक वर्ग) के अंतर्गत शनिवार को विभिन्न मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल, रूद्र मैदान गाडरवारा, आमगांव छोटा, एनटीपीसी, कौंडिया, चीचली एवं बोहानी मैदानों पर आयोजित मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। मुकाबलों में झारखंड, तमिलनाडु, सीबीएसई, चंडीगढ़, डीएवी, दिल्ली, पंजाब, गोवा, केरल, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की टीमों ने जीत दर्ज की।

काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में झारखंड ने पांडिचेरी को 20 रनों से पराजित किया। झारखंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पांडिचेरी की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी। इस तरह झारखंड ने 20 रनों से जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन के लिए अविनाश थापा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में तमिलनाडु ने झारखंड को 8 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड की टीम 18 ओवर में 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में तमिलनाडु ने 12 ओवर में 2 विकेट खोकर 110 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। तमिलनाडु के संजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

एनटीपीसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में दिल्ली ने मध्यप्रदेश को 4 विकेट से पराजित किया। मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 112 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। दिल्ली के गिरीथ गुमवर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में पंजाब ने दिल्ली को 28 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 113 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम 16 ओवर में 85 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पंजाब के प्रवीन को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

कौंडिया मैदान पर गोवा ने राजस्थान को 3 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की ओर से देवांक सिनोदिया ने 19, विराट चौधरी ने 11 तथा आदित्य ने 8 रन बनाए। गोवा की ओर से आर्यमान ने 2 विकेट तथा अक्षत और अंकित ने 1-1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोवा की ओर से ऋषाल श्याम ने नाबाद 36 तथा ध्रुव कामत ने 20 रन बनाए। राजस्थान की ओर से श्रीशाल घाटे एवं दीपक नाइक ने 3-3 तथा कार्तिक नाडार ने 2 विकेट लिए। गोवा ने 3 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।

इसी मैदान पर खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में केरल ने गोवा को 9 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोवा ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 125 रन बनाए। गोवा की ओर से स्वारित गावड़े ने 40, हेरंब नाइक ने 22 तथा माहिर ने 18 रन का योगदान दिया। जवाब में केरल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 10.5 ओवर में 1 विकेट खोकर 130 रन बनाते हुए जीत हासिल की। केरल की ओर से अश्मित ने नाबाद 69 तथा सोहेल ने नाबाद 40 रन बनाए। गेंदबाजी में मुकुंद ने 3 विकेट तथा धनुष और अभिनव ने 1-1 विकेट हासिल किया।

रूद्र मैदान गाडरवारा पर खेले गए पहले मुकाबले में सीबीएसई ने गुजरात को 8 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम 19.5 ओवर में 204 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में सीबीएसई ने 16.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 209 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। सीबीएसई के मुत्तु ने 40 गेंदों में नाबाद 93 रनों की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने।

दूसरे मुकाबले के प्री-क्वार्टर फाइनल में चंडीगढ़ ने सीबीएसई को 105 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 225 रन बनाए। जवाब में सीबीएसई की टीम 14.5 ओवर में 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। चंडीगढ़ के रोहित ने 33 गेंदों में 68 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

आमगांव छोटा मैदान पर डीएवी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो मुकाबलों में जीत दर्ज की। पहले मैच में डीएवी ने 5 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। जवाब में ओडिशा की टीम 7 विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी। डीएवी ने 35 रनों से जीत हासिल की। डीएवी के गगन शर्मा ने 52 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी लिए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डीएवी ने 9 विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए। जवाब में एनएवी की टीम 8 विकेट खोकर 116 रन ही बना सकी। डीएवी ने 6 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में अयान चौहान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

चीचली मैदान पर महाराष्ट्र ने तेलंगाना को 159 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महाराष्ट्र ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 224 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तेलंगाना की टीम 10.4 ओवर में 65 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। महाराष्ट्र के निहाल ने 36 गेंदों में 86 रनों की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने।

राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बोहानी के मैदान पर पश्चिम बंगाल और आईपीएससी के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आईपीएससी की टीम की ओर से बेदमण्या ने 49, पुष्पल ने 25 तथा अरित्रा ने 18 रन बनाए। पश्चिम बंगाल की ओर से रणवीर सिंह ने 4, स्वर्णव जन ने 2 तथा मौसम हिदर ने 1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिम बंगाल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शुभम त्यागी के 51, चिराग तुषिर के 15 तथा अर्जुन धीमान के 10 रनों की मदद से मुकाबला अपने नाम किया। पश्चिम बंगाल ने 8 विकेट शेष रहते जीत दर्ज की। शानदार गेंदबाजी के लिए रणवीर सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता के विभिन्न मैदानों पर मैचों के सुचारु संचालन में अंपायरों, स्कोररों, कमेंटेटरों एवं मैच रेफरी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। काबरा मेमोरियल मैदान पर स्कोरर अश्विनी उईके, अंपायर मनोज शुक्ला एवं स्नेहिल तिवारी तथा कमेंटेटर अंकित कौरव एवं अमित कौरव रहे।

एनटीपीसी मैदान पर स्कोरर मोहम्मद हफीज, अंपायर असलम खान, स्वप्निल शर्मा, श्री प्रदीप पटेल एवं पुष्पराज सोलंकी तथा कमेंटेटर सुनील सोनी एवं बलराम सिंह प्रजापति ने दायित्व निभाया। रूद्र मैदान पर स्कोरर सौरभ लहरिया एवं अंकिता मंडलोई, अंपायर स्वप्निल शर्मा, सचिन पटेल एवं इलयाश खान तथा कमेंटेटर राजेश गुप्ता एवं राजेश त्रिपाठी रहे। आमगांव छोटा मैदान पर स्कोरर आदित्य तिवारी एवं ज्योति धानक, अंपायर मुकेश पटेल, हेमंत सैंडे एवं सूरज ग्वाला तथा कमेंटेटर अमित शर्मा एवं आदित्य द्विवेदी ने जिम्मेदारी निभाई। कौंडिया मैदान पर अंपायर शिवकुमार पटेल एवं विराट तथा स्कोरर शुभम कटारे रहे। चीचली मैदान पर स्कोरर अजय कुशवाहा एवं वैशाली बिजोरिया, अंपायर शेखर पाठक एवं सचिन पटेल तथा कमेंटेटर अभिषेक राजपूत एवं नित्या बोहरे ने सहयोग दिया। बोहानी मैदान पर अंपायर पवन कोल एवं देवेंद्र रजक, स्कोरर मयंक श्रीवास्तव एवं निशा मिश्रा, कमेंटेटर स्वतंत्र शर्मा तथा मैच रेफरी रॉबिन सिंह ने दायित्व निभाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777281 Articles

Share this story