मप्र के देवास में देवास में तेज रफ्तार की टक्कर से तीन लोगों की मौत
- सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं और घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को मारी टक्कर
देवास, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। उदयनगर थाना क्षेत्र के दड़ गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं से टकरा गई। इसके बाद कार ने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे 80 वर्षीय बुजुर्ग को चपेट में ले लिया और फिर पेड़ से जा भिड़ी।
मृतकों की पहचान देवनालिया-जूनापानी क्षेत्र के निवासी शंकर (80), मनीबाई (40) और जमुनाबाई (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे में घायल कार चालक को अस्पताल पहुंचाया और उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें सफेद रंग की कार तेज गति से गांव की ओर आती दिखाई देती है। बताया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। फुटेज में एक बुजुर्ग घर के बाहर कुर्सी पर बैठे नजर आते हैं। उनके पास ही एक व्यक्ति जमीन पर बैठकर बातचीत कर रहा था। कुछ दूरी पर दो महिलाएं सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और तीनों को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकरा गई।
टक्कर का असर इतना तेज था कि आसपास बनी कुछ झुग्गी-झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, वाहन ने सड़क किनारे लगे तीन से चार खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
एक महिला ने मौके पर तोड़ा दम, दो की अस्पताल में मौत
जानकारी के मुताबिक, कार की चपेट में आने से एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद कार बुजुर्ग शंकर को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान घायल महिला और बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह दुर्घटना में कुल तीन लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, कार में सवार लोग इंदौर के रेसकोर्स रोड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे रविवार सुबह पिकनिक मनाने के लिए उदयनगर आए थे। सुबह करीब 11 बजे दड़ गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया। दुर्घटना में चालक भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को कार से पिकनिक के दौरान खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी मिले हैं।
उदयनगर थाना प्रभारी अभिनव शुक्ला ने बताया कि तीनों मृतकों का बागली स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पकड़े गए चालक धर्मेंद्र जैन का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

