मप्र के झाबुआ जिले में बिना मुंडेर के कुएं में डूबने से तीन बच्चों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के झाबुआ जिले में बिना मुंडेर के कुएं में डूबने से तीन बच्चों की मौत


मप्र के झाबुआ जिले में बिना मुंडेर के कुएं में डूबने से तीन बच्चों की मौत


झाबुआ, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के रानापुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत चुई अंतर्गत पटेल फलिया में मंगलवार शाम बिना मुंडेर के खुले कुएं में डूबने से तीन मासूम बच्चों मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न कराकर प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र चौहान, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया।

प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र चौहान ने बताया कि ग्राम पटलिया निवासी 9 से 10 वर्ष की उम्र के तीनों मासूम विवेक पुत्र महेश राठौड़, मयंक पुत्र शैलेश चौहान और विजय पुत्र बाबू चंगोड मंगलवार शाम करीब चार बजे अपनी-अपनी साइकिलों से घर से बाहर खेलने निकले थे। जब काफी देर तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजन उनकी खोजबीन में जुट गए। घटनास्थल के पास तीन कुएं स्थित हैं और तीनों पर ही सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं बनी हुई है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश डामोर ने बताया कि जिस कुएं के पास बच्चों की साइकिलें खड़ी मिलीं, बच्चे उसमें न होकर पास वाले दूसरे कुएं में गिरे हुए थे। पानी ज्यादा होने के कारण तीसरे बच्चे के शव को बाहर निकालने में काफी समय लगा। तीनों बच्चों के परिजन खेती-किसानी का काम करते हैं। घटना के बाद से ही परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

थाना प्रभारी श्रीराम मंडलोई ने बताया कि तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रानापुर अस्पताल भिजवा दिया गया है और बच्चे किन परिस्थितियों में कुएं तक पहुंचे, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764112 Articles

Share this story