मप्र: बड़वानी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बम स्क्वाड व डॉग स्क्वाड की सर्चिंग जारी
बड़वानी, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को शहर में हड़कंप मच गया। जिला जज को तमिल भाषा में एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर और आसपास की दुकानों को बंद करा दिया गया। कोर्ट की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर आवागमन रोक दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। टीमों ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी मौके पर तैनात रखी गई हैं।
एसपी पद्मविलोचन शुक्ला, एडिशनल एसपी धीरज बब्बर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में प्रदेश के सतना, मैहर, भोपाल और इंदौर में भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह शरारत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

