तकनीकी संस्थान बनें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने के केंद्र : मंत्री परमार

WhatsApp Channel Join Now
तकनीकी संस्थान बनें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने के केंद्र : मंत्री परमार


- एसजीएसआईटीएस इंदौर की 130वीं शासी निकाय बैठक में संस्थान के सुदृढ़ीकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विकास पर महत्वपूर्ण निर्णय

भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों को वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करना आवश्यक है। शैक्षणिक संस्थानों का सुदृढ़ीकरण, समयबद्ध नियुक्तियां तथा नवाचार एवं अनुसंधान को प्रोत्साहन देकर तकनीकी शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास के पर्याप्त अवसर भी उपलब्ध हों।

मंत्री परमार ने सोमवार को यह निर्देश भोपाल स्थित मंत्रालय में श्री गोविन्दराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एसजीएसआईटीएस), इंदौर के शासी निकाय की 130वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में संस्थान के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण, विद्यार्थियों के हितों और संस्थान के भावी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री परमार ने संस्थान की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को संरक्षित रखते हुए तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए प्रतिमान स्थापित करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में संस्थान के निदेशक ने स्ववित्तीय आधार पर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। संस्थान के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 से 15 अगस्त 2027 तक भव्य आयोजन करने का निर्णय लिया गया। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के लिए पूर्व छात्रों एवं जनप्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी।

बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा रघुराज राजेंद्रन, आरजीपीवी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक शर्मा, संस्थान के निदेशक प्रो. नीतेश पुरोहित सहित शासी निकाय के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778315 Articles

Share this story