प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं खेल प्रतियोगिताएँ : उपमुख्यमंत्री शुक्ल
- स्वर्गीय जयपाल सिंह मुण्डा स्मृति फुटबाल टूर्नामेंट का हुआ समापन
भोपाल, 11 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएँ प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। रीवा में विकास कार्यों के साथ खेल व संस्कृति गतिविधियों के आयोजन से और चार चाँद लग रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल रविवार को टी.आर.एस. कॉलेज में स्वर्गीय जयपाल सिंह मुण्डा स्मृति फुटबाल टूर्नामेंट के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्व. जयपाल सिंह मुण्डा भारतीय संविधान सभा के सदस्य तथा भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान भी रहे। उनकी स्मृति में टूर्नामेंट का आयोजन उनको सच्ची श्रद्धांजलि है। यह टूर्नामेंट आने वाले समय में और ज्यादा लोकप्रिय होगा और इसमें बड़ी-बड़ी टीमें हिस्सा लेंगी। स्व. मुण्डा के सपनों का भारत बनाने में सभी अपनी भूमिका का निर्वहन करें। शुक्ल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, गौसंवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, सहित आयोजक, स्थानीय खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
खेल एक सूत्र में बांधते हैं: शुक्लउप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेल एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। खेल के मैदान में सभी खिलाड़ी एक जुट होकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर टीम को हर संभव जीत दिलाने का प्रयास करते हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रविवार को गृह ग्राम ढ़ेरा में स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल की स्मृति में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता एवं उप विजेता टीम को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत और हार सिक्के दो पहलू हैं। जीतने पर अहंकार नहीं होना चाहिए और हारने पर निराश भी नहीं होना चाहिए। उप मुख्यमन्त्री श्री शुक्ल ने कहा कि हमारे पूज्य पिता जी कहते थे कि हर परिस्थिति में समभाव रखना चाहिए। उनसे मैंने बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि रीवा और मऊगंज के क्रिकेट के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विजेता टीम खटखरी को 50 हजार रुपये नगद एवं ट्राफी प्रदान की, जबकि उप विजेता टीम को 30 हजार रुपये नगद व ट्राफी दी गयी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारी, बड़ी संख्या में खेल प्रेमीजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

