बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा के लिए सहयोग करना हमारी जिम्मेदारीः मंत्री कुशवाह

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा के लिए सहयोग करना हमारी जिम्मेदारीः मंत्री कुशवाह


- “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम में वंचित विद्यार्थियों को वितरित की शिक्षा सामग्री

ग्वालियर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा के लिये उन्हें हर तरह की सुविधायें और सहयोग करना हमारी जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं को भी पूरी लगन के साथ पढ़ाई करना चाहिए ताकि वे जीवन में हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकें।

मंत्री कुशवाह ने सोमवार को “सेवा-संकल्प अभियान” के अंतर्गत ग्वालियर में आयोजित “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम में यह बात कही। कार्यक्रम में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। गोल पहाड़िया स्थित हाईस्कूल में सेवा-संकल्प अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम में जनप्रतिनिधी, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिये अनेक सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान करने के साथ-साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिये भी हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री जवाहर प्रजापति, राजू पालैया, भगवान सिंह कुशवाह, अंजलि पालैया, यामिनी परांडे, संजीव पोतनीस, सत्यपाल जादौन, विनय शर्मा, गौरव बाजपेयी एवं प्राचार्य दिवारी लाल कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story