नारकोटिक्स कार्यालय पहुंचे सांसद सुधीर गुप्ता, अफीम लाइसेंस वितरण प्रक्रिया का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
नारकोटिक्स कार्यालय पहुंचे सांसद सुधीर गुप्ता, अफीम लाइसेंस वितरण प्रक्रिया का किया औचक निरीक्षण


मंदसौर, 05 नवंबर (हि.स.)। मंदसौर-जावरा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता ने आज मंदसौर स्थित नारकोटिक्स कार्यालय पहुंचकर वर्ष 2026-27 की अफीम लाइसेंस वितरण प्रक्रिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाइसेंस वितरण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सांसद गुप्ता ने कहा कि अफीम किसानों को लाइसेंस प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कार्यालय में संचालित हेल्प डेस्क पर किसानों को स्पष्ट और समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपने काम के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को किसानों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा पूरी प्रक्रिया में आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने कार्यालय पहुंचे किसानों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। किसानों की ओर से बताई गई कठिनाइयों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी पात्र किसान को आवेदन या दस्तावेज संबंधी परेशानी नहीं होनी चाहिए।

सांसद ने किसानों से कहा कि लाइसेंस वितरण के दौरान किसी भी तरह की समस्या आने पर वे सीधे उनसे या उनके कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने जिला अफीम अधिकारी प्रथम खंड बी.एन. कुमार और द्वितीय खंड अधिकारी अतनु चटर्जी से भी चर्चा की।

गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र किसानों को निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार पारदर्शी तरीके से लाइसेंस उपलब्ध कराए जाएं। किसानों की सुविधा और उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772993 Articles

Share this story