मप्र: सेवा संकल्प अभियान की सफलता में अगले एक माह जुटेगा भाजपा संगठन
शिवप्रकाश बोले- हर बूथ तक पहुंचाएं मोदी सरकार के 25 साल के सेवा और सुशासन के कार्य
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा- कार्यक्रमों की संख्या नहीं, प्रभावशीलता और जनभागीदारी महत्वपूर्ण
भोपाल, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने प्रदेश स्तरीय टोली, विभिन्न कार्यक्रमों की टोलियों और संभाग प्रभारियों को अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनसेवा के कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर पहुंचकर अभियान के सभी 12 कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका असर जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। प्रत्येक कार्यक्रम की योजना उसकी प्रकृति, आवश्यकता और उपयोगिता के अनुरूप बनाई जाए। बेहतर परिणाम के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, मजबूत व्यवस्थाएं, सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा निरंतर निगरानी जरूरी है।
कार्यक्रमों की संख्या नहीं, प्रभावशीलता जरूरी
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केवल अधिक संख्या में कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ना और जरूरतमंद वर्ग तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है। कार्यक्रमों की संख्या से अधिक उनकी प्रभावशीलता, गुणवत्ता और लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक संस्कृति में सेवा का विशेष स्थान है। ‘सेवा से संगठन, संगठन से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण’ ही सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना है। कार्यकर्ता सेवा और जनकल्याण की भावना को कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं।
अगले एक माह अभियान पर रहेगा फोकस
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि अगले एक माह तक संगठन की पूरी शक्ति सेवा संकल्प अभियान की सफलता में लगाई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रमों को गंभीरता, योजनाबद्ध तरीके और प्रभावशीलता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने और प्रधानमंत्री के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक राहुल कोठारी ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

