मप्रः जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद से विद्यार्थियों को मिला कानून, अधिकार एवं पुलिसिंग का ज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद से विद्यार्थियों को मिला कानून, अधिकार एवं पुलिसिंग का ज्ञान


- पुलिस और युवाओं के बीच संवाद से मजबूत होगा सुरक्षित एवं जागरूक समाज : डॉ. विनीत कपूर

भोपाल, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मंगलवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निशातपुरा, भोपाल में डीआईजी (कम्युनिटी पुलिसिंग) डॉ. विनीत कपूर के मुख्य आतिथ्य में “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून, मौलिक अधिकार, मानव अधिकार तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी (कम्युनिटी पुलिसिंग) डॉ. विनीत कपूर ने कहा कि आम नागरिकों और युवाओं को पुलिस के साथ निर्भय होकर संवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवाद जितना मजबूत होगा, अपराध की रोकथाम और जनसुरक्षा का तंत्र उतना ही प्रभावी होगा। युवाओं को कानून की जानकारी होना उन्हें न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाता है, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डॉ. विनीत कपूर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कानून-व्यवस्था, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, मानव अधिकार सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा, बालिकाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा पॉक्सो एक्ट से जुड़े प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि किसी लड़की को परेशान करना, उसका पीछा करना अथवा गलत नजर से देखना भी कानून की दृष्टि में अपराध की श्रेणी में आता है। कार्यक्रम को प्रश्नोत्तरी के रूप में भी संचालित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किया संवाद

कार्यक्रम में सहायक पुलिस महानिरीक्षक अमृतलाल मीणा ने “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस और युवाओं के बीच निरंतर संवाद से कानून के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से निर्भय होकर संपर्क करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस महानिरीक्षक महिला सुरक्षा मंजू लता खत्री, एसीपी भोपाल रेनू मुरार,जिला शिक्षा अधिकारी जिला भोपाल अभिनव आर्य ,शाला के प्राचार्य आर. सी. जैन उप प्राचार्य सुनीता चोलकर, कोऑर्डिनेटर कांति जैन एवं स्कूल मैनेजर मनोज मिश्रा, निदा जावेद सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विद्यालय की शैक्षणिक एवं नवाचारी गतिविधियों का किया अवलोकन

कार्यक्रम से पूर्व सभी अतिथियों ने विद्यालय का भ्रमण कर वहां संचालित विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी एवं नवाचारी गतिविधियों का अवलोकन किया। अतिथियों ने विद्यालय के पुस्तकालय का भ्रमण किया तथा वहां उपलब्ध दस्तावेजों, पुस्तकों एवं सुव्यवस्थित रखरखाव की सराहना की।

अतिथियों ने विद्यालय के ICT कक्ष, रोबोटिक कक्ष, वोकेशनल एवं जीव विज्ञान प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया। विद्यालय में स्थापित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्पेस गैलरी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय में संचालित मनोविज्ञान कक्ष, मेडिकल/रेस्ट रूम तथा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की मासिक पत्रिका “गुल्लक” का भी विमोचन किया गया। साथ ही अतिथियों को विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “आयाम” भेंट की गई।

उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आर. सी. जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story