मप्रः विद्यार्थियों ने हेलीकॉप्टर से भरी उड़ान, आसमान से निहारी ऐतिहासिक नगरी ओरछा की खूबसूरती

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः विद्यार्थियों ने हेलीकॉप्टर से भरी उड़ान, आसमान से निहारी ऐतिहासिक नगरी ओरछा की खूबसूरती


- पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा और विरासत संरक्षण की सोच को मिल रहा धरातल पर मूर्त रूप

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत के संरक्षण, संवर्धन और पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा 19 से 25 नवंबर 2026 तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जा रहा है।

इसी क्रम में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी के निर्देशन में एवं कलेक्टर जमुना भिड़े के मार्गदर्शन में गुरुवार को विद्यार्थियों के लिए पर्यटन नगरी ओरछा में विशेष हेलीकॉप्टर जॉय राइड का आयोजन किया गया। इस गतिविधि के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओरछा के 6 छात्र-छात्राओं को हेलीकॉप्टर से हवाई भ्रमण कराया गया। आसमान से अपनी ऐतिहासिक नगरी की खूबसूरती निहारने का अवसर पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

उल्लेखनीय है कि यह विशेष पहल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उस दूरदर्शी सोच और महत्वाकांक्षी संकल्प का हिस्सा है, जिसके तहत वे प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को विश्व मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ आमजन और विशेषकर युवाओं को हवाई पर्यटन से जोड़ने पर निरंतर जोर दे रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदेश में धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रारंभ की गई हेली एवं वायु सेवाओं के माध्यम से आज न केवल पर्यटकों का सफर सुगम हुआ है, बल्कि स्थानीय स्तर पर भी पर्यटन के नए आयाम खुल रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्पष्ट मानना है कि हमारी नई पीढ़ी जब अपनी गौरवशाली विरासत और संस्कृति से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ेगी, तभी उसका वास्तविक संरक्षण और संवर्धन संभव हो सकेगा। इसी विजन को साकार करते हुए विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत स्कूली विद्यार्थियों को हेलीकॉप्टर जॉय राइड का अवसर प्रदान किया गया, ताकि वे अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को एक नए और व्यापक दृष्टिकोण से देख व समझ सकें।

हेलीकॉप्टर में सवार होकर विद्यार्थियों ने आसमान से ओरछा के विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारकों, भव्य महलों, मंदिरों, बेतवा नदी, अभयारण्य क्षेत्र और प्राकृतिक सौंदर्य का विहंगम दृश्य देखा। रामराजा मंदिर, चतुर्भुज मंदिर एवं लक्ष्मी मंदिर सहित ऐतिहासिक धरोहरों को आसमान से निहारना उनके लिए बेहद रोमांचक और अविस्मरणीय अनुभव रहा।

हवाई भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने ओरछा को जमीन से कई बार देखा है, लेकिन आसमान से ऐतिहासिक इमारतों और प्राकृतिक सुंदरता को देखने का अनुभव बिल्कुल अलग और यादगार रहा। विद्यार्थियों ने इस अनूठी पहल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव और प्रदेश शासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

विश्व धरोहर सप्ताह का उद्देश्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा विशेषकर युवा पीढ़ी में इसके प्रति जागरूकता और जुड़ाव बढ़ाना है। यह पहल विद्यार्थियों को विरासत, इतिहास और पर्यटन के महत्व से जोड़ने की दिशा में सराहनीय प्रयास रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780095 Articles

Share this story