मप्र:  'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ इंदौर से कांग्रेस की 200 किमी साइक्लोथॉन शुरू

WhatsApp Channel Join Now


मप्र:  'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ इंदौर से कांग्रेस की 200 किमी साइक्लोथॉन शुरू




-जीतू पटवारी साइकिल से भोपाल रवाना, हर जिले से जुड़ेंगे 500 युवा

इंदौर, 14 जुलाई (हि.स.)। नीट-यूजी परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को इंदौर से भोपाल तक दो दिवसीय 'जेन-जी साइक्लोथॉन' की शुरुआत की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत स्वयं साइकिल चलाकर करीब 200 किलोमीटर की यात्रा पर निकलें। इस दौरान रास्ते भर उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और बड़ी संख्या में छात्र, युवा तथा कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आरएनटी (रवींद्रनाथ टैगोर) मार्ग स्थित नालंदा परिसर से यात्रा का शुभारंभ हुआ। साइक्लोथॉन गांधी प्रतिमा, हाईकोर्ट चौराहा, लैंटर्न चौराहा, मालवा मिल, भमोरी, सयाजी चौराहा, विजय नगर, देवास नाका, मांगलिया और डकाच्या होते हुए क्षिप्रा पहुंची। इसके बाद यात्रा देवास, सीहोर होते हुए बुधवार को राजधानी भाेपाल पहुंचेगी।

हर जिले से जुड़ेंगे 500 साइकिल यात्री

कांग्रेस के अनुसार इंदौर से भोपाल तक पड़ने वाले प्रत्येक जिले से करीब 500 साइकिल यात्री इस अभियान में शामिल होंगे। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिलों को मिलाकर दो हजार से अधिक साइकिल सवारों का काफिला भोपाल पहुंचेगा। पहले दिन यात्रा का रात्रि विश्राम सीहोर जिले के आष्टा स्थित गोकुलधाम मैरिज गार्डन में होगा। दूसरे दिन 15 जुलाई को कोठरी से यात्रा दोबारा शुरू होगी।

युवाओं को जोड़ने और सरकार को घेरने की रणनीति

कांग्रेस इस अभियान के जरिए नई पीढ़ी यानी जेन-जी को जोड़ने का प्रयास कर रही है। पार्टी का कहना है कि बेरोजगारी, पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दे आज युवाओं की सबसे बड़ी चिंता हैं। इसी उद्देश्य से छात्र संगठनों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, विभिन्न साइकिल क्लबों और फिटनेस ग्रुपों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है।

जीतू पटवारी बोले- केजी से पीजी तक मिले मुफ्त शिक्षा

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि 25 वर्षों की भाजपा सरकार और आजादी के 80 वर्ष बाद अब समय आ गया है कि देश में केजी से पीजी तक गुणवत्तापूर्ण और निशुल्क शिक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि सामाजिक आवश्यकता है। पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना तथा सभी प्रतियोगी और व्यावसायिक परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी परीक्षाओं में सामने आई धांधली पूरे देश की चिंता का विषय है और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

सभा को संबोधित करते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीएससी और व्यापमं जैसी भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बार पेपर लीक और परीक्षाएं निरस्त होने की घटनाओं ने युवाओं का विश्वास तोड़ा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी होंगे शामिल

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी यात्रा के दौरान क्षिप्रा से अभियान में शामिल होंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि यह साइक्लोथॉन केवल प्रतीकात्मक यात्रा नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, युवाओं के अधिकार और रोजगार के सवाल पर जनजागरण का अभियान है।

ट्रक पर बढ़ी भीड़, कार्यकर्ताओं को उतरना पड़ा

यात्रा के दौरान एक ट्रक की छत पर जीतू पटवारी के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चढ़ गए। भीड़ बढ़ने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं से ट्रक से नीचे उतरने की अपील की। इसके बाद कई कार्यकर्ता नीचे उतर गए और यात्रा आगे बढ़ी।

कुपोषण का मुद्दा भी उठाया

कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष विवेक खंडेलवाल और ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश जोशी साइकिल पर बच्चों की गाड़ी लेकर यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने इसे प्रदेश में कुपोषण की समस्या के प्रति जागरूकता का प्रतीक बताया।

यात्रा का उद्देश्य

कांग्रेस का कहना है कि यह साइक्लोथॉन केवल विरोध प्रदर्शन नहीं बल्कि युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों से संवाद का अभियान है। पार्टी के अनुसार यात्रा के माध्यम से पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा में पारदर्शिता और निशुल्क शिक्षा जैसे मुद्दों पर जनसमर्थन जुटाया जाएगा तथा इन मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story