ड्रग्स और अवैध शराब की बिक्री, परिवहन, निर्माण पर करें कठोर कार्रवाई: संभागायुक्त्त शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
ड्रग्स और अवैध शराब की बिक्री, परिवहन, निर्माण पर करें कठोर कार्रवाई: संभागायुक्त्त शर्मा


- संभागायुक्त ने स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, छात्रावासों में एन्टी ड्रग्स समितियां बनाने के दिए निर्देश

भोपाल, 05 नवंबर (हि.स.)। संभाग के सभी जिलों में ड्रग्स और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन आदि के विरूद्ध निरंतर अभियान चलाकर ऐसा करने वालों के खिलाफ रासुका, एनडीपीएस एक्ट आदि के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाए, इनका नेटवर्क ध्वस्त किया जाए। साथ ही नशे के दुष्परिणामों के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाए। इस कार्य में थोड़ी भी लापरवाही अथवा कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्ण अर्न्तविभागीय समन्वय और अर्न्तजिला समन्वय के साथ भोपाल संभाग को ड्रग्स मुक्त और अवैध शराब मुक्त किया जाए।

यह निर्देश मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को संभागायुक्त कार्यालय में विभाग के सभी जिलों की अर्न्तविभागीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को दिए। बैठक में वीसी के माध्यम से भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, आईजी देहात पंकज पाण्डे, आईजी नर्मदापुरम चंद्रशेखर सोलंकी, संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, आबकारी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि संभाग के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और छात्रावासों में एन्टी ड्रग्स समितियां बनाई जाएं, जो नियमित बैठकें करें और ड्रग्स के उपयोग के विरूद्ध विद्यार्थियों को जागरूक करें। साथ ही ड्रग्स, अवैध शराब की बिक्री, परिवहन आदि की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि ड्रग्स के उन्मूलन के लिए जिलेवार कार्य योजना बनाएं और उस पर अमल किया जाए। प्रत्येक छात्रावास के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया जाए जो ड्रग्स के विरूद्ध निरंतर कार्रवाई करें। साथ ही पुलिस प्रशासन, आबकारी अधिकारी आदि का संयुक्त दल विद्यालयों, छात्रावासों और अन्य स्थलों का निरंतर भ्रमण कर ड्रग्स के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में स्थित नशा मुक्ति केन्द्रों का भी अधिकारी निरीक्षण करें। राजगढ़ कलेक्टर ने बताया कि राजगढ़ जिले में कोई नशामुक्ति केन्द्र नहीं है। संभागायुक्त इस संबंध में जिले से भेजे गए प्रस्ताव पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश सामाजिक न्याय विभाग को दिए। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर ड्रग्स के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। दवा की दुकानों से बिकने वाली दवाओं का ड्रग्स के रूप में दुरूपयोग न हो पाए, इसके लिए मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्रवाई की जाए। मैदानी स्तर पर ड्रग्स और अवैध शराब के विरूद्ध कार्रवाई के लिए मोहल्लावार समितियां बनाई जाएं। शासकीय अस्पतालों में नशा मुक्ति के लिए आने वाले मरीजों के उपचार के लिए पृथक सैल बनाने का सुझाव भी बैठक में दिया गया।

बैठक में संभागायुक्त शर्मा ने आगामी त्यौहारों के मद्देनजर संभाग के हर जिले में आदतन अपराधियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा अन्य एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए, जिससे सभी त्यौहार पारम्परिक हर्षोल्लास के साथ उत्साह और शांतिपूर्वक मनाएं जाएं। बैठक में त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था, अ.जा. /जजा. अत्याचार निवारण अधिनियम, सड़क सुरक्षा, औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा / फायर सेफ्टी, जघन्य अपराधों पर कार्रवाई तथा भोपाल में आयोजित होने वाले सालाना तब्लीगी इज्तिमा की व्यवस्था आदि विषयों पर भी समीक्षा की गई।

दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता दें : संभागायुक्त

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि दीपावली पर्व के पावन अवसर पर वोकल फॉर लोकल'' का संकल्प लें तथा स्वदेशी उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता दें। उन्होंने दीपावली पर्व के अवसर पर समस्त संभागवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज आदि की शुभकामनाएं दी हैं और आशा व्यक्त की है कि सभी का जीवन खुशी, समृद्ध और मंगलमय हो। उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर दीपावली के इस पावन पर्व को खुशियां बांटने, आत्मीयता बढ़ाने तथा सामाजिक सौहार्द और समृद्धि को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ मनाएं।

कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मेरी मंगलकामना है कि दीपों का यह महापर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि का नया उजाला लेकर आए। ईश्वर से प्रार्थना है कि हर घर-आंगन खुशियों के दीपों से रोशन हो तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।

उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर आप सभी से आग्रह है कि स्थानीय कलाकारों, कुम्हारों एवं माटी के शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के लिए 'वोकल फॉर लोकल' का संकल्प लें और स्वदेशी उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता दें। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772993 Articles

Share this story