भोपाल संभाग में ड्रग्स के विरुद्ध करें सख्त करवाई: संभाग आयुक्त शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल संभाग में ड्रग्स के विरुद्ध करें सख्त करवाई: संभाग आयुक्त शर्मा


- संभागायुक्त ने ली आबकारी विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक

भोपाल, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए कि आबकारी विभाग संभाग में ड्रग्स की बिक्री आदि के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई करे। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण बनाए जाएं। दोषियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित करें।

संभागायुक्त शर्मा मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय में आबकारी विभाग की संभागीय समीक्षा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भोपाल संभाग को ड्रग्स से मुक्त करना है। बैठक में आबकारी उपायुक्त संभागीय उड़नदस्ता के. सी. अग्निहोत्री और संभाग के सभी जिलों के आबकारी अधिकारी उपस्थित थे।

संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि संभाग में कहीं भी शराब की अवैध बिक्री, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण न हो, इसके लिए निरंतर निरीक्षण कर कार्रवाई करें। आबकारी विभाग अपना सूचना तंत्र मजबूत करे और पुलिस के साथ समन्वय कर प्रभावी कार्रवाई करे। मदिरा दुकानों का निरीक्षण करे और सुनिश्चित करे कि एमआरपी से अधिक दर पर मदिरा की बिक्री ना हो। आबकारी राजस्व वसूली भी निरंतर की जाए। समय पर लाइसेंस फीस जमा हो यह भी सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में आबकारी राजस्व प्राप्ति, प्रत्याभूत ड्यूटी, भांग खपत, विदेशी मदिरा माल्ट /बीअर खपत, उपलंभन प्रकरण, डिस्टिलरी/बूवरी आदि विषयों पर चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story