मप्रः भोपाल में राज्य स्तरीय साथिया समागम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः भोपाल में राज्य स्तरीय साथिया समागम का आयोजन


- सराहनीय कार्य करने वाले जिलों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं का सम्मान;

भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को भोपाल में राज्य स्तरीय साथिया समागम का आयोजन किया गया। समागम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देने में साथिया की भूमिका को सशक्त करना, उनके अनुभवों एवं नवाचारों को साझा करना तथा प्रदेश में साथिया कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना था।

कार्यक्रम में मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने अध्यक्षता की एवं डॉ. जोया रिजवी (वर्चुअल माध्यम से) भारत सरकार की उप आयुक्त विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। डॉ शरद तिवारी, संयुक्त संचालक, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा यूएनएफपीए के राज्य प्रमुख डॉ. दीपेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों एवं विकास सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

समागम के दौरान राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम मध्यप्रदेश के अंतर्गत ‘सक्षम साथिया सशक्त समुदाय’ पहल (एस-4 नवाचार), कार्यक्रम की अवधारणा, प्रमुख उद्देश्यों, अब तक की प्रगति एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। एस-4 पहल के वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया एवं नवाचार को भारत सरकार के अधिकारियों द्वारा सराहा गया। साथ ही, सराहनीय कार्य करने वाले जिलों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ‘चैंपियंस की आवाज’ सत्र के माध्यम से साथियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं को अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला। इस सत्र में जमीनी स्तर पर कार्यक्रम के क्रियान्वयन, किशोर-किशोरियों के साथ संवाद तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा की गई।

समागम में आरकेएसके एवं साथिया कार्यक्रम को सुदृढ़ करने हेतु बहुक्षेत्रीय सहभागिता : आगे की राह” विषय पर आयोजित पैनल की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा विकास सहयोगी संस्थाओं के बीच समन्वय और सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा में किशोर-किशोरियों के समग्र विकास के लिए विभागीय अभिसरण, सामुदायिक सहभागिता तथा विभिन्न स्तरों पर समन्वित प्रयासों के महत्व पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765254 Articles

Share this story