मप्रः राज्य स्तरीय आम महोत्सव 6 और 7 जून को भोपाल में

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः राज्य स्तरीय आम महोत्सव 6 और 7 जून को भोपाल में


- महोत्सव में आम की विभिन्न किस्मों के अलावा आम के उत्पादों का भी होगा प्रदर्शन

भोपाल, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आम उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आगामी 6 एवं 7 जून को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय आम महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में प्रदेश में उत्पादित विभिन्न आम की किस्मों एवं उनके प्रमुख उत्पादन क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण आयुक्त अरविन्द कुमार दुबे ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश में आम की प्रमुख किस्मों में दशहरी, लंगड़ा, केसर, चौसा, तोतापरी, नीलम एवं मालवा क्षेत्र का प्रसिद्ध नूरजहां आम शामिल हैं। इनमें अलीराजपुर जिले का नूरजहां आम अपने बड़े आकार के कारण विशेष पहचान रखता है। छिंदवाड़ा, सिवनी एवं मंडला जिलों में दशहरी और लंगड़ा का उत्पादन अधिक होता है, जबकि खरगोन, बड़वानी एवं धार जिले केसर और तोतापरी आम के लिए प्रसिद्ध हैं। रीवा, सतना एवं शहडोल क्षेत्र में भी आम की खेती का विस्तार तेजी से हो रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2025-26 में 105 लाख 33 हजार 759 मीट्रिक टन फलों का उत्पादन दर्ज किया गया, जिसमें आम का उत्पादन 9 लाख 57 हजार 939 मीट्रिक टन रहा। राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को आम उत्पादन एवं प्रसंस्करण की ओर प्रोत्साहित कर उनकी आय में वृद्धि करना है। उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत आम आधारित प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। महोत्सव में किसानों को आधुनिक तकनीकों, विपणन एवं मूल्य संवर्धन की जानकारी भी दी जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story