मप्रः अंतरराष्ट्रीय बाल अधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित हुई राज्य स्तरीय विमर्श

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः अंतरराष्ट्रीय बाल अधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित हुई राज्य स्तरीय विमर्श


- भोपाल सहित अन्य जिलों का प्रतिनिधित्व कर रहे बच्चों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाल अधिकार दिवस की शुरुआत वर्ष 1954 में हुई थी। भारत ने 11 दिसंबर 1992 को संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार कन्वेंशन को स्वीकार करते हुए बच्चों के अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की थी। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय बाल अधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को भोपाल के पर्यावरण परिसर स्थित ईपीसीओ ऑडिटोरियम में ‘बच्चों की आकांक्षाएं, बच्चों की आवाज’ विषय पर राज्य स्तरीय विमर्श 2026 आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पुलिस के उप पुलिस महानिरीक्षक (सामुदायिक पुलिसिंग) डॉ. विनीत कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भोपाल सहित अन्य जिलों का प्रतिनिधित्व कर रहे बच्चों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर वर्ष 2026-28 के लिए बाल पंचायत की नवनिर्वाचित समिति का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया।

डॉ. विनीत कपूर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल पंचायत और बच्चों के समूहों से जुड़ने वाले सभी बच्चे बदलाव के वाहक (चेंज एजेंट) हैं। उनमें अपने समुदाय, परिवार और आसपास के परिवेश में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता है। बाल पंचायत में नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्हें अपने साथियों को प्रेरित करने के साथ-साथ अपने माता-पिता एवं अभिभावकों को भी अपने प्रयासों और गतिविधियों के महत्व से अवगत कराना चाहिए।

डॉ. कपूर ने लैंगिक समानता का उदाहरण देते हुए पुलिस प्रशिक्षण में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को एक साथ प्रशिक्षण देने की पहल के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शुरुआत में इस व्यवस्था को लेकर विभाग के भीतर भी कई तरह की आशंकाएं और विरोध सामने आए, लेकिन निरंतर प्रयासों से महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को साथ प्रशिक्षण देने की व्यवस्था विकसित हुई।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और पुरुषों को समान अवसर एवं साथ काम करने का वातावरण मिलने से एक-दूसरे को समझने का अवसर मिलता है और लैंगिक भेदभाव से जुड़ी धारणाएं कमजोर होती हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि लैंगिक समानता और महिलाओं के प्रति सम्मान की सोच विकसित करने में बालकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। बालकों को भी इन विषयों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने बाल पंचायत के सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने समूहों में बालकों और बालिकाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ अपने मित्रों, भाइयों और सहपाठियों को भी इन विषयों पर जागरूक करें। समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए लड़के और लड़कियों दोनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

डॉ. कपूर ने सामुदायिक पुलिसिंग की ओर से बाल पंचायत की गतिविधियों में बालकों की अधिक भागीदारी और नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने बच्चों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सराहना की।

महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक एवं मध्यप्रदेश महिला आयोग के सदस्य सुरेश तोमर ने कहा कि अधिकांश देशों में आज भी पुरुष प्रधान व्यवस्था है। ऐसे में पुरुषों को लैंगिक समानता के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे पुरुषों का निर्माण करना होगा, जो महिला-पुरुष की समानता में विश्वास रखें। बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त कर ऐसा सुरक्षित एवं समानतापूर्ण वातावरण विकसित करना होगा, जहां प्रत्येक बच्चा बिना किसी सीमा के सपने देख सके और उन्हें साकार करने के अवसर प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम में यूनिसेफ के बाल संरक्षण विशेषज्ञ लोली चैन, मध्य प्रदेश श्रम विभाग के सचिव रघुराज राजेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780118 Articles

Share this story