मप्रः परमाणु परियोजनाओं की स्थापना के लिए विकासकों के सहयोग के लिए राज्य स्तरीय समिति गठित

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः परमाणु परियोजनाओं की स्थापना के लिए विकासकों के सहयोग के लिए राज्य स्तरीय समिति गठित


भोपाल, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में परमाणु परियोजनाओं की स्थापना के लिए विकासकों न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, एनटीपीसी एवं स्वतंत्र विद्युत उत्पादकों आदि को परमाणु परियोजनाओं की स्थापना में सहयोग प्रदान करने के लिए राज्य शासन ने अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समिति का गठन किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को जारी आदेश अनुसार समिति में नर्मदा घाटी विकास,जल संसाधन, वन, पर्यावरण, राजस्व और लोक निर्माण विभाग के प्रतिनिधि साथ ही परियोजना से संबंधित जिलों के कलेक्टर सदस्य होंगे। उप सचिव, ऊर्जा को सदस्य संयोजक नामित किया गया है।

समिति द्वारा परियोजना के संबंध में स्थानीय प्रशासन को मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा। समिति द्वारा भूमि व जल की उपलब्धता अनुसार आवंटन में सहयोग प्रदान किया जायेगा। समिति द्वारा परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न वैधानिक स्वीकृतियाँ यथा सार्वजनिक सुनवाई, भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, पर्यावरणीय स्वीकृति, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल से स्वीकृति आदि के लिए सहयोग प्रदान किया जायेगा।

परमाणु परियोजना विकासक द्वारा परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी समय-समय पर समिति के समक्ष प्रस्तुत की जायेगी, जिसके आधार पर समिति द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जायेगा। परमाणु परियोजना विकासक द्वारा क्रियान्वयन के दौरान ऐसे अन्य मुद्दे, जिनके निराकरण के लिए राज्य सरकार का हस्तक्षेप अपेक्षित है, समिति के समक्ष प्रस्तुत किये जायेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story