मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल को मिला नया अध्यक्ष, शैलेन्द्र वर्मा ने तीन मतों से दर्ज की जीत
जबलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल (राज्य अधिवक्ता परिषद) को नया अध्यक्ष मिल गया है। रविवार को हुए चुनाव में जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेन्द्र वर्मा ने जीत हासिल करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। उन्होंने ग्वालियर के जितेन्द्र शर्मा को तीन मतों के अंतर से पराजित किया। वर्मा को 14, जबकि शर्मा को 11 मत प्राप्त हुए।
अध्यक्ष पद के साथ ही उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पदों के लिए भी चुनाव कराया गया। उपाध्यक्ष पद पर इंदौर की अधिवक्ता प्रतिभा वालिया ने बाजी मारी। उन्होंने जबलपुर के मनीष तिवारी को तीन मतों से हराया। वालिया को 14 और तिवारी को 11 मत मिले।
वहीं, कोषाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बेहद कांटे का रहा। ग्वालियर के गौरव मिश्रा और सिंगरौली की अन्नू पटेल के बीच हुए चुनाव में मिश्रा ने महज एक मत से जीत दर्ज की। उन्हें 13 मत मिले, जबकि अन्नू पटेल को 12 मत प्राप्त हुए।
तीनों पदों के चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के नए पदाधिकारियों का निर्वाचन पूरा हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

