मप्रः खेल मंत्री सारंग ने घुड़सवारी अकादमी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः खेल मंत्री सारंग ने घुड़सवारी अकादमी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


मप्रः खेल मंत्री सारंग ने घुड़सवारी अकादमी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


- प्रदेश को घुड़सवारी के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में करें कार्य : मंत्री सारंग

भोपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी का निरीक्षण कर उपलब्ध खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा निर्माणाधीन अधोसंरचना का अवलोकन किया।

निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर अकादमी के समग्र विकास, खिलाड़ियों के प्रदर्शन तथा घुड़सवारी खेल को प्रदेश में अधिक लोकप्रिय बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री सारंग ने सर्वप्रथम अकादमी के अस्तबल का निरीक्षण कर घोड़ों के रख-रखाव, स्वास्थ्य एवं प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मल्टीपर्पस इंडोर एरीना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इंडोर एरीना के निर्माण कार्य पूरा होने पर मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की घुड़सवारी प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा तथा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

समीक्षा बैठक में मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अकादमी के प्रत्येक खिलाड़ी की विस्तार से प्रोफाइल तैयार की जाए, जिसमें खिलाड़ियों की आवश्यक जानकारी संकलित हो। इससे यह समझा जा सकेगा कि घुड़सवारी खेल के प्रति किस आय वर्ग के युवाओं का अधिक रुझान है। सारंग ने कहा कि इस आधार पर भविष्य की कार्य-योजना तैयार कर अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ा जा सकेगा।

मंत्री सारंग ने अकादमी की स्थापना से लेकर अब तक की सभी उपलब्धियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अर्जित पदकों तथा महत्वपूर्ण उपलब्धियों का विस्तृत दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। इससे अकादमी की उपलब्धियों को और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकेगा।

मंत्री सारंग ने निर्देश दिए कि 'पे एंड प्ले' योजना के माध्यम से भी आम नागरिकों एवं युवाओं को घुड़सवारी का अनुभव उपलब्ध कराया जाए। इससे इस खेल के प्रति लोगों की रुचि बढ़ेगी और नए खिलाड़ियों को तैयार करने में सहायता मिलेगी।

मंत्री सारंग ने अधिकारियों से कहा कि मध्यप्रदेश को घुड़सवारी के क्षेत्र में देश की अग्रणी पहचान दिलाने के उद्देश्य से योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुखी कार्य किए जाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्कृष्ट अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और प्रभावी कार्य-योजना के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां अर्जित कर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव संजीव सिंह, संचालक अंशुमन यादव, उप-सचिव अजय श्रीवास्तव, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित अकादमी के प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story