मप्र के रतलाम में तेज रफ्तार ट्रक ने 200 भेड़ों को रौंदा, 34 की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के रतलाम में तेज रफ्तार ट्रक ने 200 भेड़ों को रौंदा, 34 की मौत


रतलाम, 12 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में महू-नीमच फोरलेन पर शनिवार शाम को एक तेज रफ्तार ट्रक ने 200 भेड़ों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 34 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 15 घायल हैं। उनके साथ जा रहा एक व्यक्ति भी घायल हुआ, उसका उपचार कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार शाम करीब चार बजे महू नीमच फोरलेन पर भारत पैलेस होटल के सामने हुआ। घटना होते ही राजस्थान पासिंग आयशर ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। सूचना पर ढोढर चौकी से एएसआई अशोक चौहान समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ढोढर चौकी के एएसआई अशोक चौहान ने बताया कि राजस्थान के कुछ लोगों ने अपनी भेड़ों के साथ जावरा के ढोढर चौकी क्षेत्र में डेरा डाल रखा है। जावरा की तरफ से आ रहे ट्रक ने भेड़ों को कुचल दिया। इसके बाद चालक ट्रक छोड़ मौके से भाग गया। ट्रक जब्ती में लेकर चौकी पर खड़ा करवा दिया है। ड्रायवर की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story