मप्रः मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आज से सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होंगे विशेष शिविर

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आज से सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होंगे विशेष शिविर


- नाम जुड़वाने के आवेदन फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा

भोपाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए आज से तीन दिन तक सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किेए जा रहे हैं। इस दौरान पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया संबंधित बूथ लेवल अधिकारी द्वारा की जाएगी।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र में आयोजित विशेष शिविर के दौरान किसी भी मतदाता से फार्म 6 के अलावा घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की है गई, उनके भी फॉर्म लिए जाएंगे। इसके साथ ही 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए एडवांस में फॉर्म जमा कराए जाएंगे।

झा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन की सुविधा भी प्रदान की गई है। कोई भी मतदाता voters.eci.gov.in पर अथवा ECINET mobile app पर जाकर अपना नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि वे इस ऑनलाइन प्रक्रिया को व्यापक रूप से प्रचारित करें और युवा मतदाताओं को खास तौर पर ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रेरित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story