सिंहस्थ-2028 के लिए एमपी ट्रांसको के कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी रखे विशेष ध्यानः प्रबंध संचालक

WhatsApp Channel Join Now
सिंहस्थ-2028 के लिए एमपी ट्रांसको के कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी रखे विशेष ध्यानः प्रबंध संचालक


- एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक ने उज्जैन में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशनों का किया निरीक्षण

भोपाल, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि सिंहस्थ-2028 से संबंधित नोटिफाइड कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा उच्चतम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए।

प्रबंध संचालक तिवारी ने शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश पर राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत एमपी ट्रांसको द्वारा किए जा रहे पारेषण अधोसंरचना विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 132 केवी सब स्टेशन चिंतामन तथा उज्जैन के प्रथम 132 केवी जीआईएस सब स्टेशन त्रिवेणी विहार के निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया।

750 मेगावाट की तैयारी

सिंहस्थ -28 के दौरान विद्युत की अनुमानित अधिकतम 750 मेगावाट की मांग रहने का आकलन किया गया है। इस मांग की विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एमपी ट्रांसको द्वारा उज्जैन में विभिन्न सब स्टेशनों का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में शहर में दो नए एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) विद्युत सब स्टेशनों के कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। प्रबंध संचालक के साथ निरीक्षण में उज्जैन एवं इंदौर क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story