मप्रः अंतरराज्यीय संगठित गिरोह से जुड़े प्रकरणों की जांच के लिए एसआईटी गठित

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः अंतरराज्यीय संगठित गिरोह से जुड़े प्रकरणों की जांच के लिए एसआईटी गठित


- एडीजी वर्मा नोडल अधिकारी नियुक्त

भोपाल, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर, इंदौर (शहर एवं देहात), खरगोन एवं भोपाल जिलों के थानों में दर्ज अंतरराज्यीय संगठित आपराधिक प्रकरणों की प्रभावी जांच के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ श्रीनिवास वर्मा के पर्यवेक्षण में कार्य करेगी। एसआईटी का प्रभार पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक (रेल) भोपाल राहुल कुमार लोढ़ा को दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा आदेश के अनुसार, एसआईटी में पुलिस अधीक्षक एसटीएफ भोपाल राजेश सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक एसटीएफ इंदौर नवीन कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक एटीएस मुख्यालय भोपाल वैभव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (रेडियो) सुधीर कनोजिया, एसटीएफ मुख्यालय भोपाल के उप पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत अवस्थी, उप पुलिस अधीक्षक दिव्या सिंह राजावत, कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान एवं कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक योगिता साटनकर को सदस्य बनाया गया है।

एसआईटी संबंधित सभी प्रकरणों की केस डायरी तत्काल संबंधित जिलों से प्राप्त कर अग्रिम विवेचना प्रारंभ करेगी। एसआईटी मुख्यालय भोपाल में रहकर विवेचना करेगी। साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ द्वारा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी एसआईटी में नामांकित किया जा सकेगा। संबंधित प्रकरणों के वर्तमान विवेचक भी एसआईटी के नामांकित सदस्य रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story