मप्र में एसआईआर-2027 की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन आज, नागरिक देख सकेंगे अपना विवरण

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में एसआईआर-2027 की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन आज, नागरिक देख सकेंगे अपना विवरण


भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2027 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मध्य प्रदेश में आज गुरुवार को फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा।

सभी जिलों में प्रातः 11 बजे बैठक होगी, जिसमें जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन की प्रक्रिया एवं इससे संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पुनरीक्षण कार्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी से अवगत कराया जाएगा।

इस संबंध में निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों सहित भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित प्रारूप (प्रपत्र-5) भी संबंधित स्थानों पर चस्पा किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों एवं मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया तथा प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में जानकारी प्राप्त हो सके।

निर्वाचन कार्यालय द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित सभी अभिहित स्थलों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन सुनिश्चित करें तथा प्रकाशन की सूचना आज (12 नवंबर) अपराह्न 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य फोटो निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें तथा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके। नागरिकों से अपील है कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचें तथा किसी प्रकार की त्रुटि अथवा पात्रता संबंधी समस्या होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करें।

आज प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही नाम जुड़वाने, विवरण में सुधार और दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी, जो कि 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा और 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775609 Articles

Share this story