सिंगरौलीः मंत्री संपतिया उइके ने निगरी के मौहरी टोला स्थित तालाब के गहरीकरण कार्य का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौलीः मंत्री संपतिया उइके ने निगरी के मौहरी टोला स्थित तालाब के गहरीकरण कार्य का किया शुभारंभ


सिंगरौलीः मंत्री संपतिया उइके ने निगरी के मौहरी टोला स्थित तालाब के गहरीकरण कार्य का किया शुभारंभ


भोपाल, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके ने शुक्रवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सिंगरौली जिले के निगरी के मौहरी टोला स्थिति तालाब के गहरीकरण एवं गाद निकासी कार्य का विधिवत भूमि-पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री सम्पतिया उइके ने कहा कि आज हम सब मौहरी टोला, ग्राम पंचायत निगरी, विकासखंड देवसर में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य तालाब गहरीकरण एवं जल संरचना संवर्धन के लिए एकत्रित हुए हैं। यह केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि हमारे भविष्य को सुरक्षित करने का एक सामूहिक प्रयास है।

उन्होंने कहा कि निगरी क्षेत्र में कुल 5 जल संरचनाएं हैं, जिनमें से यह प्रमुख तालाब लगभग 2.50 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इस तालाब का गहरीकरण हमारे लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे हम वर्षा जल का अधिक से अधिक संचयन कर सकें और आने वाले समय में जल संकट से बच सकें।

सम्पतिया उइके ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि जल ही जीवन है। यदि आज हम जल का संरक्षण नहीं करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। तालाब के गहरीकरण से न केवल भू-जल स्तर बढ़ेगा, बल्कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, पशुओं के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और पूरे क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन भी बेहतर होगा।

उन्होने कहा कि मैं आप सभी से आग्रह करती हूँ कि इस कार्य को केवल शासन की योजना न समझें, बल्कि इसे अपनी जिम्मेदारी मानकर इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। जब जनभागीदारी जुड़ती है, तो हर अभियान सफल होता है। कार्यक्रम में कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक मनीष खंत्री, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story