मप्रः सिंहस्थ मेला प्राधिकरण का गठन, जगदीश अग्रवाल अध्यक्ष नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सिंहस्थ मेला प्राधिकरण का गठन, जगदीश अग्रवाल अध्यक्ष नियुक्त


भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को गति देने के लिए प्रदेश सरकार ने सिंहस्थ मेला प्राधिकरण का गठन कर दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उज्जैन विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष रहे जगदीश अग्रवाल को सिंहस्थ मेला प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने बुधवार देर शाम इस संबंध में आदेश जारी किया है। सरकार ने यह गठन मध्य भारत सिंहस्थ मेला अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत किया है। आदेश में कहा गया है कि उज्जैन में प्रत्येक 12 वर्ष के अंतराल पर आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व के लिए प्राधिकरण का गठन किया गया है। सिंहस्थ-2028 को लेकर सरकार पहले से ही तैयारियों में जुटी है। आयोजन के लिए अलग-अलग विभागों के स्तर पर अधोसंरचना और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर काम चल रहा है। अब मेला प्राधिकरण के गठन के बाद आयोजन से जुड़े कामों को संस्थागत स्तर पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी तय हो गई है।

जगदीश अग्रवाल भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं। वह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य के साथ वह उज्जैन विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

फिलहाल संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और स्थानीय प्रशासन सिंहस्थ 2028 की पूर्व तैयारियों व समन्वय बैठकों की कमान संभाल रहे हैं। मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद अब काम में और तेजी आएगी, शासन और प्रशासन स्तर पर कार्य जल्द हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story