मप्रः दतिया उपचुनाव में भीतरघात के संकेत, खंडेलवाल बोले- कोई दोषी होगा तो करेंगे कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now


भोपाल, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि उपचुनाव में मतदाताओं ने जो जनादेश दिया, विनम्रता के साथ भारतीय जनता पार्टी उस जनादेश को स्वीकारती है। हम परिणामों की समीक्षा करेंगे और समीक्षा का जो भी निष्कर्ष आएगा, उसके अनुसार पार्टी अपनी आगामी रणनीति तय करेगी।

खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए अनुशासन सर्वोपरि है। कोई भी कार्यकर्ता, चाहे वह किसी भी पद पर हो, उसे अनुशासन में रहकर ही पार्टी का काम करना चाहिए। यदि समीक्षा में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान को दतिया चुनाव में संभावित भीतरघात और संगठनात्मक अनुशासन के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। चुनाव परिणाम के बाद पार्टी के भीतर हार के कारणों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि समीक्षा रिपोर्ट में किन कारणों को जिम्मेदार माना जाता है और क्या संगठन स्तर पर कोई कार्रवाई होती है।

दरअसल, नरोत्तम मिश्रा को चुनाव से पहले भाजपा की तरफ से प्रत्याशी माना जा रहा था, मिश्रा ने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया था। वहीं, नामांकन पत्र भी ले लिया था। इस बीच भाजपा ने नरोत्तम की जगह आशुतोष तिवारी को टिकट दे दिया। इससे नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने बवाल मचा दिया था। हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के साथ पत्थर बाजी भी हुई। अब ऐसी चर्चा है कि नाराज कार्यकर्ताओं ने भीतरघात किया है, जिसकी वजह से भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story