केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बंगाल के रुझानों में भाजपा की बढ़त पर बंटवाई झालमुड़ी

WhatsApp Channel Join Now
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बंगाल के रुझानों में भाजपा की बढ़त पर बंटवाई झालमुड़ी


भोपाल, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल चुनाव के रुझानों में भाजपा बहुमत का आकड़ा पार कर जबरदस्त तरीके से जीत की ओर आगे बढ़ रही है। इस खुशी के माहौल में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झालमुड़ी बंटवाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उम्मीद नहीं पूरा विश्वास था कि महाविजय होगी, जो विश्वास था, वही नतीजे सामने आए हैं।

सोमवार को पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के मतगणना के रुझान आने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित घर पर जबरदस्त जश्न का माहौल है। यहां ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया जा रहा है। इस दौरान मामा के घर पर जमकर आतिशबाजी हुई, साथ ही कार्यकर्ताओं में झालममूड़ी बांटी गई।

इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उम्मीद नहीं विश्वास पूरा था महाविजय होगी। एक संकल्प पूरा हुआ, एक सपना साकार हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा गदगद होगी। बंगाल की विजय अद्भुत है, असाधारण है। पूरा देश मानता है की मोदी है तो मुमकिन है।

उन्होंने कहा कि घटिया वोट बैंक की राजनीति को नकार दिया गया। मां, माटी और मानुष का अपमान, घोर जंगलराज और वोट बैंक की राजनीति के चलते घुसपैठ को बढ़ावा दिया जाता था और सबने जनता को एकतरफ भाजपा के साथ और प्रधानमंत्री मोदी के पीछे खड़ा किया। अब यह हार का बहाना तो बनाएंगे ही, जब हारते हैं तो खंबा तो नोंचते ही हैं। कभी ईवीएम, कभी एसआईआर, लेकिन जनता का ऐसा दुर्लभ आशीर्वाद मिला, जिसे पूरी दुनिया और देश देख रहा है।

शिवराज सिंह ने कहा कि असम का असाधारण प्रदर्शन है। तमिलनाडु में भी जिनका काम भाजपा का विरोध था, वह आज चारोखाने चित्त है। पुडुचेरी में फिर एनडीए की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि जनता साथ है... अमित शाह की अचूक रणनीति, मोदी जी का अभिनंदन, नितिन जी को धन्यवाद और बंगाल, असम, पुडुचेरी की जनता का दिल से आभार।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story