शिवपुरीः कलेक्टर ने पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और साफ-सफाई का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरीः कलेक्टर ने पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और साफ-सफाई का लिया जायजा


- कोर्ट रोड, ठंडी सड़क, गांधी पार्क, गणेश गौरी कुंड एवं सिद्धेश्वर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शिवपुरी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सोमवार की रात शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विभिन्न प्रमुख स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की आदर्श रोड (कोर्ट रोड), ठंडी सड़क, गांधी पार्क, दो बत्ती छत्री रोड स्थित गणेश गौरी कुंड तथा सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण पहुंचकर साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और आगामी त्योहारों के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की गहन समीक्षा की।

कलेक्टर वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में साफ-सफाई और सुचारू यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया भी उपस्थित रही।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा ने सड़कों पर यातायात में बाधक बन रहे अतिक्रमण तथा दुकानों के बाहर निकले टीनशेडों को देखा। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत राठौर एवं अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे को टीनशेड हटवाने और पूरी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही व्यापारियों एवं आमजनों को यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय संचालित करने की सख्त हिदायत दी।

भ्रमण के दौरान उन्होंने अस्पताल चौराहे का भी जायजा लिया, जहाँ उन्होंने सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाने तथा चौराहे के पास दुकानों के आसपास नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कस्टम गेट स्थित चौपाटी का निरीक्षण करते हुए सीएमओ एवं अतिक्रमण प्रभारी को चौपाटी की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, विक्रेताओं को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने, अपनी तय सीमा में दुकान लगाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा यातायात को सुचारू रखने हेतु कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, कोर्ट रोड के पास ठंडी सड़क पहुंचकर फल विक्रेताओं से बातचीत की। साथ ही ठंडी सड़क नाले की सफाई हेतु स्वच्छता प्रभारी योगेश शर्मा को निर्देशित किया।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने माता प्रतिमा विसर्जन के दृष्टिगत गणेश गौरी कुंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुंड परिसर और विसर्जन स्थल की वर्तमान स्थिति तथा सुरक्षा व साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कुंड की समुचित सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद बच्चों को कुंड के पास न जाने की सख्त समझाइश दी।

इसके साथ ही कलेक्टर ने आगामी रावण दहन और विजय दशमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए गांधी पार्क, सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड तथा काली माता मंदिर स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण किया। चूंकि कल ही रावण दहन का मुख्य कार्यक्रम है, इसलिए कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रावण दहन स्थल पर जुटने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुख्ता बैरिकेडिंग, अग्निशमन दल (फायर ब्रिगेड), एम्बुलेंस और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मेला परिसर और रावण दहन स्थल पर लाइटिंग (प्रकाश व्यवस्था), पार्किंग और साफ-सफाई के सभी इंतजाम समय रहते मुकम्मल करने के कड़े निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763724 Articles

Share this story