श्योपुरः अतिवर्षा के बीच कलेक्टर ने शहर में किया भ्रमण, सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
श्योपुरः अतिवर्षा के बीच कलेक्टर ने शहर में किया भ्रमण, सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा


श्योपुरः अतिवर्षा के बीच कलेक्टर ने शहर में किया भ्रमण, सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा


- सीप नदी के जलस्तर में आई कमी, सुचारू हुआ किला गेट का रास्ता

श्योपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर में कलेक्टर शीला दाहिमा द्वारा अतिवर्षा के बीच शनिवार को शहर का भ्रमण कर बाढ़ राहत प्रबंधन एवं एहतियात के तौर पर किए गए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने किला गेट पर जलभराव की स्थिति का आंकलन करते हुए नगर पालिका अधिकारियो को अमले के माध्यम से जल निकासी के निर्देश दिये एवं क्षेत्रीय लोगो से चर्चा भी की गई। वर्तमान में सीप नदी के जलस्तर में लगातार कमी आई है और दोपहर के समय जल भराव के चलते अवरूद्ध किला गेट का रास्ता शाम तक सुचारू हो गया है।

कलेक्टर शीला दाहिमा द्वारा शहर के भ्रमण के दौरान बंजारा डैम पर सीप नदी के जल स्तर का अवलोकन किया तथा बंजारा डैम पर एहतियात के तौर पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसी के साथ सीप नदी के किनारे बनी बस्तियों में निगरानी बढ़ाने तथा सतर्कता हेतु मुनादी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

उन्होंने एसडीएम एवं नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल भराव की संभावना वाली बस्तियों में निगरानी के लिए कर्मचारियो को मुस्तैद रखा जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को नगर पालिका द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में शिफ्ट कराया जाए, यह राहत शिविर नगरपालिका मैरिज गार्डन एवं नगरपालिका ऑडिटोरियम में स्थापित किए गए हैं, इन शिविरों में भोजन पानी सहित रहवास की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। हालाकि सीप नदी में जलस्तर में गिरावट के चलते ऐसी कोई आपात स्थिति नही बनी है तथा लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाने की आवश्यकता महसूस नही हुई है, फिर भी एहतियात के तौर पर प्रशासन द्वारा राहत शिविरों की व्यवस्था की गई है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गर्ग, एसडीएम गगन मीणा, डिप्टी कलेक्टर विजय शाक्य सहित पुलिस, राजस्व, नगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।

विजयपुर में भी हालात सामान्य

एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने बताया कि विजयपुर में भी अब हालात सामान्य है, कुवारी नदी का जलस्तर लगभग 30 फीट के नीचे चला गया है। इकलौद पुल से आवागमन सुचारू हो गया है। उन्होंने बताया कि कुवारी नदी में जलस्तर बढ जाने से 4-5 परिवारों को रेस्क्यू किया गया था, फिलहाल जलस्तर कम हो गया है और लोग वापस अपने घर चले गये है। उन्होंने बताया कि बाढ आपदा प्रबंधन के तहत विजयपुर में भी राहत शिविर बनाया गया है, फिलहाल अभी राहत शिविर में किसी को लाने की आवश्यकता नही पडी है। एसडीएम कराहल बीएस श्रीवास्तव ने बताया कि कूनो नदी का जलस्तर भी लगातार कम हो रहा है तथा रेशम कॉलोनी से पानी 500 से 600 मीटर की दूरी है तथा स्थिति सामान्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story