मप्र: सेवा संकल्प अभियान’ का 17 सितंबर से आगाज, उज्जैन में नितिन नवीन जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीया’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मध्य प्रदेश में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर दी जानकारी
भोपाल, 16 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ नेतृत्व 17 सितंबर सायं 7 बजे उज्जैन के शिप्रा नदी के रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया‘ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्जवलित करेंगे। इसके साथ ही आशीर्वाद का दीया पार्टी कार्यकर्ता मध्यप्रदेश के सभी बूथों के लाभार्थियों के घरों में प्रज्जवलित करेंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को प्रदेशभर में ‘सेवा पर्व‘ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व सहभागिता करेंगे। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में सेवा, जनभागीदारी, रचनात्मकता, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बुधवार काे मीडिया काे दिए बयान में बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘विकसित भारत‘ विषय पर चित्रकारी व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम के तहत संगीतमय नाटकों व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जीवन और योजनाओं को गांव-गांव, स्कूल, कॉलेज व चौपालों तक पहुंचाया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होंगे, जहां कार्यकर्ताओं व आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश के सभी 11404 शक्ति केंद्रों में सेवा की कहानी कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री मोदी जी की योजनाओं के लाभार्थियों की कहानियों को साझा किया जाएगा।
7 से 17 अक्टूबर तक प्रदेश भर में होंगे कार्यक्रम
हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर जिले और गांव में पदयात्रा, साइकिल व बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर 250 बाइकों पर 500 यात्री जल लेकर वाराणसी (काशी विश्वनाथ) के लिए 10 अलग-अलग समूह में प्रस्थान करेंगे। इसी तरह वाराणसी से इतने ही यात्री 10 अलग-अलग समूह में वडनगर के लिए निकलेंगे। इन 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी। सेवा मेरा योगदान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता व आमजन 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट का श्रमदान करेंगे। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु शिविर‘ लगाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। सेवा के रंग राष्ट्र के संग कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय स्तर पर सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन, सेवा, संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सेवा सुशासन संवाद 17 अक्टूबर को देशभर का एक कार्यक्रम होगा, जिसमें ग्राम पंचायत के पंच, सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी तक शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

