सेवा संकल्प अभियान 2026: मप्र के विद्यार्थियों को मिलेगा रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का मंच

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान 2026: मप्र के विद्यार्थियों को मिलेगा रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का मंच


- स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा एक माह तक चलने वाले अभियान अंतर्गत आयोजित की जाएंगी विभिन्न गतिविधियां

भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 6वीं से 12वीं तक के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनभागीदारी से जोड़ते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा।

मेरे सपनों का भारत–सेवा चित्र विषय पर चित्रकला एवं भाषण स्पर्धा

अभियान अंतर्गत 19 सितंबर को ‘मेरे सपनों का भारत-सेवा चित्र’ विषय पर विद्यालय एवं जिला स्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी चित्रों और अपने विचारों के माध्यम से भारत के भविष्य, सेवा एवं जनभागीदारी की अपनी कल्पना को व्यक्त करेंगे। जिला स्तर पर चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागियों की प्रविष्टियां राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए भेजी जाएंगी। राज्य स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता 4 एवं 5 अक्टूबर को होगी।

21 सितंबर को विद्यालयों में प्रदर्शनी और पालक-शिक्षक बैठक

जनसम्पर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने बुधवार को बताया कि 21 सितंबर को विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की श्रेष्ठ चित्रकला एवं भाषण गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विद्यालय के उपयुक्त कक्ष, हॉल अथवा अन्य स्थान पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसी दिन पालक-शिक्षक संघ की बैठक भी आयोजित होगी।

26 सितंबर को जिला स्तर पर चित्रकला एवं प्रदर्शनी

उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का भारत–सेवा चित्र’ गतिविधि के अंतर्गत 26 सितंबर को जिला स्तर पर चित्रकला एवं प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से चयनित प्रतिभागियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

माय भारत पोर्टल पर विद्यालयों का पंजीयन

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, माय भारत पोर्टल पर विद्यालयों का पंजीयन कराया जाएगा। जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। अभियान अंतर्गत कक्षा 6वीं से 12वीं तक के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, नवोदय एवं अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों को सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’

उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ गतिविधि आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत विद्यालयों में विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इन गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो माय भारत पोर्टल तथा ईको क्लब फार मिशन लाइफ पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। इन गतिविधियों में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, करियर काउंसलिंग, नशा-मुक्त भारत जागरूकता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया तथा शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियां शामिल हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों एवं विद्यालयों को अभियान की गतिविधियों में विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story