मप्रः राज्य मंत्री जायसवाल ने रेशम विभाग के बजट का समुचित उपयोग नहीं करने पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः राज्य मंत्री जायसवाल ने रेशम विभाग के बजट का समुचित उपयोग नहीं करने पर जताई नाराजगी


- मंत्री जायसवाल ने रेशम संचालनालय की विभागीय समीक्षा बैठक ली

भोपाल, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को मंत्रालय में रेशम संचालनालय की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभाग के लिये जारी बजट का समुचित उपयोग नहीं कर पाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विभाग में उपलब्ध बजट का शत-प्रतिशत सदुपयोग होना चाहिये।

राज्य मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रदेश के समस्त जिलों में रेशम की खेती के लिये किसानों को प्रोत्साहित किया जाये। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में रेशम की खेती नहीं हो रही है, वहाँ 50-50 किसानों को चिन्हित कर रेशम की खेती करने के लिये पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में कार्यवाही की जाये।

राज्य मंत्री जायसवाल ने संचालनालय में पदोन्नतियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार पदोन्नति की कार्यवाही शीघ्र की जाये। बैठक के दौरान रेशम संचालनालय द्वारा अपनी उपलब्धियों की जानकारी आगामी 2 वर्ष के प्रस्तावित रोडमेप के बारे में राज्य मंत्री जायसवाल को अवगत कराया। बैठक में अपर मुख्य सचिव केसी. गुप्ता और रेशम संचालनालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story