(अपडेट) मप्र के सिवनी में प्रेमी जोड़े को गांजे में फंसाने की धमकी, वीडियो वायरल होने के बाद 6 पुलिसकर्मी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मप्र के सिवनी में प्रेमी जोड़े को गांजे में फंसाने की धमकी, वीडियो वायरल होने के बाद 6 पुलिसकर्मी निलंबित


भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक होटल में पुलिसकर्मियों ने प्रेमी जोड़े को गांजा तस्करी के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की। पुलिसकर्मियों के इस अनुचित आचरण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जबलपुर डीआईजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को 'एक्स' पर कहा कि सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर एएसपी, एसडीओपी सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इधर, पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 17 नवंबर को वायरल हुए वीडियो में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा होटल के कमरे में मौजूद महिला एवं पुरुष से आपत्तिजनक एवं अनुचित तरीके से बातचीत करने तथा उनके सामान में मादक पदार्थ रखने की धमकी दिए जाने संबंधी तथ्य प्रदर्शित हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस के छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।

जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, सिवनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, सिवनी थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, आरक्षक (चालक) कृष्णा परते और 8वीं वाहिनी, विसबल, छिंदवाड़ा (बी कंपनी) के आरक्षक सलमान खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

सम्पूर्ण प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए उप पुलिस महानिरीक्षक, छिंदवाड़ा रेंज को निर्देशित किया गया है। उन्हें जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिसकर्मियों द्वारा अनुचित आचरण एवं कदाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, निलंबित पुलिसकर्मियों पर सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में ठहरे बालिग युवक-युवतियों को उनके बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने का आरोप है। घटनाक्रम 13 नवंबर का बताया जा रहा है, लेकिन मंगलवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल फुटेज में एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी होटल के अंदर दिखाई दे रहे हैं।

होटल संचालक संजय सनोडिया ने बताया कि बताया कि 13 नवंबर की शाम पुलिस अधिकारी और कर्मचारी होटल सिद्धार्थ पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने वहां ठहरे बालिग युवक-युवतियों को धमकाया और उनके बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी दी।

वायरल वीडियो में एडिशल एसपी दीपक मिश्रा कहते हुए नजर आ रहे हैं कि इसके बैग में गांजा रख दो और फंसा दो। वह कपल से कहते हैं कि अपने माता-पिता को बुलाकर लाओ, नहीं तो बैग में गांजा रख देंगे। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि वह उनसे बदसलूकी कर रहे हैं। वीडियो में सीएसपी चंचलेश मरकाम, एएसपी दीपक मिश्रा और टीआई सतीश तिवारी भी दिखाई दे रहे हैं।

जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा ने कहा कि कल एक वीडियो वायरल हुआ था। मामले की जांच चल रही है। फिलहाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच जारी है। डीआईजी छिंदवाड़ा को आदेश दिया गया है कि इसकी रिपोर्ट दें। होटल मालिक से फोन पर मैंने बात की है और उनसे कहा है कि जो भी तथ्य वह जांच देना चाहते हैं, पुलिस को दे सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story