मुंबई में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए मप्र पुलिस की टीम का चयन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
मुंबई में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए मप्र पुलिस की टीम का चयन शुरू


- भोपाल में दो दिवसीय राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट शुरू, प्रदेश के सभी जोनों से 91 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी ले रहे हैं भाग

भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के.पी. वेंकटेश्वर राव के नेतृत्व एवं पुलिस उप महानिरीक्षक साकेत प्रकाश पाण्डेय के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27 प्रतियोगिता का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जोन से चयनित कुल 91 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, निरीक्षक से आरक्षक स्तर तक, विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी दक्षता का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मुंबई, महाराष्ट्र में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा 15 से 20 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27 में मध्य प्रदेश पुलिस की टीम सहभागिता करेगी। इसके लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश की टीम का चयन किया जा रहा है। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस टीमें भाग लेंगी।

राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में मुख्य रूप से तीन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें साइंटिफिक एड्स टू इन्वेस्टिगेशन, पुलिस फोटोग्राफी एवं पुलिस वीडियोग्राफी शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों के तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, सूक्ष्म निरीक्षण क्षमता एवं कार्यकुशलता का परीक्षण किया जा रहा है। इनमें क्राइम सीन फोटोग्राफी, प्रोफेशनल पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, फिंगरप्रिंट लिफ्टिंग, पैकिंग एवं फॉरवर्डिंग सहित वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन एवं अपराध अनुसंधान से जुड़ी विभिन्न विधाओं में प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं विशेषज्ञतापूर्ण मूल्यांकन के लिए एफएसएल विशेषज्ञों, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी विशेषज्ञों, मेडिको लीगल विशेषज्ञों तथा विधि एवं अभियोजन विशेषज्ञों का निर्णायक मंडल गठित किया गया है। विषय-विशेषज्ञों द्वारा दो दिनों तक प्रतिभागियों की सैद्धांतिक जानकारी एवं व्यावहारिक दक्षता का बारीकी से परीक्षण किया जाएगा। आयोजन में एफएसएल एवं पुलिस मुख्यालय की फोटो शाखा का विशेष तकनीकी सहयोग प्राप्त हो रहा है।

प्रतियोगिता का समापन 17 नवंबर को स्टेट कमांड सेंटर, भोपाल में होगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन मुंबई में आयोजित होने वाली 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में मध्य प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778315 Articles

Share this story