सीहोरः मंत्री करण सिंह वर्मा ने ग्राम भाऊखेड़ी में गोवर्धन पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

WhatsApp Channel Join Now
सीहोरः मंत्री करण सिंह वर्मा ने ग्राम भाऊखेड़ी में गोवर्धन पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की


सीहोरः मंत्री करण सिंह वर्मा ने ग्राम भाऊखेड़ी में गोवर्धन पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की


- विकास के साथ संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण-संवर्धन भी सरकार का दायित्व – राजस्व मंत्री वर्मा

सीहोर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा सोमवार को गोवर्धन पर्व के अवसर पर सीहोर जिले में इछावर तहसील के ग्राम भाऊखेड़ी में आयोजित गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की तथा जिले और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कृष्ण गौशाला पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की और गौ सेवा के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व और त्योहार का अपना विशेष महत्व है। ये पर्व समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं संरक्षण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति और गौवंश के महत्व को समाज के सामने प्रस्तुत किया था। आज भी यह परंपरा हमें प्रकृति के संरक्षण और जीवमात्र के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देती है।

राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसहयोग से विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, गौ सेवा एवं संरक्षण में सहभागिता निभाने तथा समाज के कल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को भी रेखांकित किया।

मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी केवल विकास और जनकल्याण तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना भी सरकार का महत्वपूर्ण दायित्व है। सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसहयोग से विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत समाज को जोड़ने का काम करती हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में सीहोर कलेक्टर बालागुरु के एवं जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव भी गोवर्धन पूजा में शामिल हुए। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपसंचालक निलेश देसाई, जनपद सीईओ रूशाली पोरस सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा पर्व

गोवर्धन पूजा का पावन पर्व सोमवार को पूरे सीहोर जिले में हर्षोल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले की सभी पंचायत स्तरीय गौशालाओं में विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की गई तथा गौ माता का पूजन कर जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौशालाओं में गौ माता को तिलक लगाकर पूजा की गई तथा उन्हें पारंपरिक रूप से आहार अर्पित किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। यह पर्व हमें गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और सेवा के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।

आष्टा विकास खंड के ग्राम गवाखेड़ा में आयोजित गोवर्धन पूजा में विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर शामिल हुए। इसके साथ ही जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी तथा शासकीय अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में सहभागिता की और गौ सेवा एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण बना रहा।

गोवर्धन पूजा के माध्यम से ग्रामीणों को गौवंश के महत्व, गौशालाओं की उपयोगिता और पशुधन संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौ सेवा और संरक्षण हमारी समृद्ध परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे सामूहिक आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story