सीहोरः सोयाबीन दिवस एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री करण सिंह वर्मा
- किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने और वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप खेती करने का किया आह्वान
सीहोर, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शुक्रवार को सोयाबीन दिवस एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम इछावर विकासखण्ड के भाउखेड़ी में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए।
कार्यक्रम में उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए सोयाबीन की खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाने, कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुरूप फसल प्रबंधन करने तथा उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए नई कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को कृषि संबंधी नवीनतम जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।
मंत्री वर्मा ने कहा कि किसान खेती में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएं और फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक कृषि विशेषज्ञों की सलाह को प्राथमिकता दें। उन्होंने किसानों से मिट्टी की स्थिति, मौसम एवं फसल की आवश्यकता के अनुसार कृषि कार्य करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल संरक्षण तथा फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों ने किसानों को दी उपयोगी जानकारी
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों द्वारा किसानों को सोयाबीन की उन्नत खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को फसल की बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक कृषि तकनीकों, फसल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा कृषि संबंधी नवीन उपायों की जानकारी प्रदान की। किसानों को बदलते मौसम एवं परिस्थितियों के अनुरूप खेती की तकनीक अपनाने तथा समय पर कृषि विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कृषि अधिकारियों ने किसानों को शासन द्वारा संचालित कृषि योजनाओं एवं किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि किसान कृषि विभाग एवं कृषि वैज्ञानिकों से निरंतर संपर्क में रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विशेषज्ञों से सलाह लेकर उसका समाधान करें।
किसानों की समस्याओं और सुझावों पर भी हुआ संवाद
कार्यक्रम के दौरान किसानों से उनकी कृषि संबंधी समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई। किसानों ने खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों से अवगत कराते हुए सोयाबीन उत्पादन को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना रहा।
कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरू के. एवं पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, डीडीए एके उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि में नवाचार एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

