सीहोरः शारदीय नवरात्रि में सलकनपुर धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए मां विजयासन के दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सीहोरः शारदीय नवरात्रि में सलकनपुर धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए मां विजयासन के दर्शन


सीहोरः शारदीय नवरात्रि में सलकनपुर धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए मां विजयासन के दर्शन


- जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए व्यापक इंतजाम

सीहोर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से नवमी तक प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर भक्तों की भारी भीड़ रही। लाखों श्रद्धालुओं ने सलकनपुर पहुंचकर मां विजयासन देवी के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना की।

नवरात्रि के अंतिम दिन सोमवार को भी दूर-दराज के क्षेत्रों से महिला, पुरुष, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए सलकनपुर धाम पहुंचे। पूरे धाम में नौ दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस वर्ष दर्शनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।

नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मां विजयासन देवी के सुगम एवं सुरक्षित दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे दर्शनार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पेयजल, स्वच्छता, बिजली और चिकित्सा सुविधाओं पर रहा विशेष ध्यान

जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ के दौरान व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने पर भी ध्यान दिया गया। प्रशासनिक अमले की सतत सक्रियता से नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक ढंग से दर्शन कराने के लिए व्यवस्थाएं संचालित की गईं।

आस्था के साथ व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय

मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर में नवरात्रि के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ क्षेत्र में माता के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है। देवी आराधना के इस विशेष पर्व पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं, जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए किए गए इंतजामों तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों ने पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन घाटों का राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा किया जा रहा निरीक्षण

इधर, सीहोर जिले में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस संबंध में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी जिले के विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। निरीक्षण के दौरान विसर्जन घाटों पर सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा विसर्जन के दौरान सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story