सीहोरः अमर शहीद कुंवर चैनसिंह के शहादत दिवस पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
- जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने कुंवर चैनसिंह और उनके साथियों को अर्पित किए श्रद्धा सुमन
सीहोर, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शुक्रवार को अमर शहीद कॅुंवर चैन सिंह के शहादत दिवस पर शासन की ओर से गाड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने अमर शहीद कॅुंवर चैनसिंह को श्रद्धा सुमन आर्पित किए। इस अवसर पर राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन भी किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अमर शहीद कॅुंवर चैन सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने कहा कि इस दुनिया में अपने लिए तो सभी जीते हैं, पर जो देश में लिए जिए उसी का जीवन सार्थक होता है। आज हम सभी ऐसे ही अमर शहीद वीर कुंवर चैनसिंह और उनके साथियों हिम्मत खां एवं बहादुर खां को श्रद्धांजली दे रहे हैं, जिन्होंने अपने जीवन को देश के लिए न्यौछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र में जागरण और चेतना की लहर के लिए स्वयं किसी न किसी को आगे आना ही पड़ता है। कुंवर चैन सिंह भी उन्हीं वीर शहीदों में से एक थे। कुंवर चैनसिंह को अंगेजों की ताकत का पता होते हुए भी वे अंगेजों से भिड़ गए, क्योंकि उनका हौंसला बुलंद था। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मंत्री पंवार ने कहा कि जो देश अपने क्रांतिकारियों के बालिदानों को याद नही करता है उसकी नींव हमेशा कमजोर होती है। एक स्वतंत्र और मजबूत राष्ट्र की बुनियाद में अनेक शहीदों के बलिदान छुपे होते हैं। हमारी वर्तमान और आने वाली सभी पीढ़ियों को अपने अमर शहीदों का बलिदान हमेशा याद रखना चाहिए और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एकता में ही राष्ट्र की सर्वोच्च शक्ति निहित है। हमारे देश ने सेकड़ों सालों तक गुलामी का बोझ झेला है। यदि उस समय हमारे देश के लोगों में एकता का भाव होता, तो शायद हमे इतने वर्षों तक गुलाम न रहना पड़ता। हमारे देश में भाईचारे की भावना सदियों पहले से रही, पर कुछ विदेशी आक्रांताओं ने आकर इस भाईचारे की भावना हो कमजोर किया और हम पर सैंकड़ों वर्षों तक राज किया।
कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, अमर शहीद कॅुंवर चैन सिंह के वंशज एवं पूर्व विधायक राजर्वधन सिंह, हिम्म्त खां बहादुर खां के वंशज जेडएके लोधी, भारत जोड़ो समिति के बलवीर सिंह तोमर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती, अनूप सिंह, कलेक्टर बालागुरु के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना, राजकुमार गुप्ता, सुदीप प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
गौरतलब है कि देश में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ युद्ध लड़ते हुए 24 जुलाई 1824 को कुंवर चैन सिंह अपने विश्वस्त साथी हिम्मत खां और बहादुर खां सहित 43 सैनिकों के साथ अंग्रेजी फौज का वीरता पूर्वक सामना करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह का आगाज किया था। स्वतंत्रता के इतिहास में सीहोर जिले की अन्य घटनाओं के साथ ही अमर शहीद कुंवर चैन सिंह की शहादत भी स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

