सीहोरः कबाड़ में खड़ी पांच कारों में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
सीहोरः कबाड़ में खड़ी पांच कारों में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान


सीहोर, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर शहर में गंगा आश्रम क्षेत्र स्थित पलटन एरिया में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से पांच कारें जलकर राख हो गईं। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार, सीहोर के पलटन एरिया में पुरानी कारें इकट्ठा करके रखी गई थीं। शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे अचानक इन कारों से आग की तेज लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग इतनी विकराल हो गई कि वहां खड़ी पांचों कारें धू-धू कर जलने लगीं। सोते हुए लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बुझाने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पांचों कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि इन गाड़ियों में ईंधन होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस घटना से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

इस घटना ने एक बार फिर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रहे कबाड़खानों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यहां लंबे समय से बड़ी संख्या में जर्जर और पुरानी गाड़ियां जमा की जा रही थीं। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण उनकी जान जोखिम में पड़ रही है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कबाड़ स्थलों की तत्काल जांच की जाए और उन्हें घनी आबादी से दूर शिफ्ट किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story